बोकारो। झारखंड के बोकारो जिले में नक्सलियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। झारखंड पुलिस के साथ सोमवार को हुई मुठभेड़ में आठ नक्सली मारे गए। पुलिस मुख्यालय के अनुसार, यह मुठभेड़ बोकारो के लुगू पहाड़ की तलहटी में सोसो टोला के निकट हुई। इसमें आठ नक्सली मारे गए। मुठभेड़ के बाद भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक भी बरामद किए गए।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार एक करोड़ के इनामी विवेक और 25 लाख के इनामी स्पेशल एरिया कमेटी सदस्य अरविंद यादव के मारे जाने की खबर है। एक करोड़ का इनामी विवेक सेंट्रल कमेटी सदस्य था। उसका पूरा नाम प्रयाग माझी उर्फ विवेक उर्फ फुचना उर्फ नागों मांझी उर्फ करण उर्फ लेतरा है। वह धनबाद के टुंडी थाना क्षेत्र के दलूबुढा गांव का रहने वाला था।
झारखंड पुलिस मुख्यालय के अनुसार, नक्सलियों के एक बड़े दल के इलाके में ठहरने की सूचना पर अभियान के लिए निकले सुरक्षा बलों पर नक्सलियों ने फायरिंग की। इसके बाद जवाबी हमले में झारखंड पुलिस और केंद्रीय बलों के जवानों ने नक्सलियों के खिलाफ फायरिंग की। झारखंड पुलिस मुख्यालय से मिली जानकारी के अनुसार एक करोड़ के इनामी नक्सली विवेक के दस्ते के साथ यह मुठभेड़ हुई है।
हिन्दुस्थान समाचार
कमेंट