1- MCD की 12 वार्ड समितियों में चुनाव
आज दिल्ली की 12 वार्ड समितियों में चुनाव हो रहे हैं, जहां भाजपा-इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी (आईवीपी) का गठबंधन आम आदमी पार्टी को टक्कर दे रहा है। वहीं कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने साफ कर दिया है कि कांग्रेस पार्षद आज होने वाले वार्ड समितियों के चुनाव में हिस्सा नहीं लेंगे।
एलेक्शंस की बात करे तो करोलबाग, सिटी-पहाड़गंज और केशवपुरम में अध्यक्ष-उपाध्यक्ष निर्विरोध चुने जाएंगे। नरेला, नजफगढ़ जैसे जोनों में भाजपा का पलड़ा भारी है, लेकिन क्रॉस वोटिंग से समीकरण बदल भी सकते हैं। AAP ने भी अपने पार्षदों को संभालने के लिए रणनीति तेज कर दी है।
2. अन्ना यूनिवर्सिटी यौन शोषण मामले में ए. ज्ञानशेखरन को उम्रकैद
अन्ना यूनिवर्सिटी यौन शोषण मामले में दोषी ए. ज्ञानशेखरन को चेन्नई महिला कोर्ट ने उम्रकैद की सजा सुनाई है। उसे कम से कम 30 साल जेल में रहना होगा और ₹90,000 जुर्माना भी देना होगा। इससे पहले 28 मई को कोर्ट ने बिरयानी विक्रेता ज्ञानशेखरन को दोषी करार दिया था। घटना सामने आने के बाद बीजेपी ने ज्ञानशेखरन की तस्वीरें डीएमके के बड़े नेताओं के साथ दिखाकर तमिलनाडु की सत्तारूढ़ पार्टी पर निशाना साधा था। बढ़ती आलोचनाओं के बीच डीएमके ने उसे अपना कार्यकर्ता मानने से इनकार किया, लेकिन यह स्वीकार किया कि वह पार्टी का सिंपैथाइजर रहा है।
3. जी7 शिखर सम्मेलन में क्या शामिल होंगे पीएम मोदी
छह वर्षों में पहली बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जी7 शिखर सम्मेलन में शामिल होने की संभावना बेहद कम है। कनाडा के अल्बर्टा में 15-17 जून को होने वाली इस बैठक के लिए भारत को अब तक कोई आधिकारिक आमंत्रण नहीं मिला है।
भारत और कनाडा के बीच अलगाववादियों के मुद्दे और तनावपूर्ण द्विपक्षीय संबंध भी पीएम मोदी की संभावित अनुपस्थिति के कारणों में शामिल हैं। अंतिम समय में आमंत्रण मिलने की स्थिति में भी भारत के शामिल होने की संभावना नहीं है, क्योंकि लॉजिस्टिक और सुरक्षा संबंधी चुनौतियां बनी हुई हैं।
4. बोल्डर, कोलोराडो में यहूदी समुदाय पर आतंकी हमला
1 जून को अमेरिका के कोलोराडो के पर्ल स्ट्रीट मॉल में ‘Run For Their Lives’ मार्च के दौरान हमला हुआ। एक शख्स ने मोलोटोव कॉकटेल और फ्लेमथ्रोवर से हमला कर दिया, जिसमें 6 लोग घायल हुए और एक की हालत गंभीर है। आरोपी की पहचान मोहम्मद सबरी सोलिमान के रूप में हुई है, जो मिस्र का नागरिक है और अमेरिका में अवैध रूप से रह रहा था। उसका वीजा 2023 में ही खत्म हो गया था।
FBI ने बताया कि यह मार्च इसरायली बंधकों के समर्थन में हर हफ्ते शांतिपूर्वक आयोजित होता रहा है। हमले के दौरान मोहम्मद सोलिमान ‘फ्री फिलिस्तीन’ और ‘Zionists का अंत’ जैसे नारे लगा रहा था। FBI निदेशक काश पटेल ने इसे ‘Targeted Terror Attack’ बताया है. मामले की जांच आतंकवाद और यहूदी विरोधी घृणा अपराध के रूप में की जा रही है.
5. ऑपरेशन ‘स्पाइडर वेब’ में यूक्रेनी ड्रोन ने कई रूसी बमवर्षक तबाह किए
यूक्रेन ने 1 जून को ‘ऑपरेशन स्पाइडर वेब’ के तहत रूस के चार से पांच प्रमुख एयरबेस पर एक साथ ड्रोन हमला किया।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस गुप्त अभियान में 117 ड्रोन्स का इस्तेमाल हुआ, जिनकी मदद से कई रूसी सैन्य विमान नष्ट कर दिए गए। इनमें परमाणु हथियार ले जाने में सक्षम बमवर्षक Tu-22M3, Tu-95 और A-50 AWACS शामिल हैं। ऑपरेशन के बाद सामने आई जानकारी के अनुसार, यूक्रेन ने इन ड्रोन्स को ट्रकों में छिपाकर रूस के एयरबेस के पास ले जाकर हमला किया।
सोशल मीडिया पर सामने आए कुछ वीडियो में रूसी नागरिकों को ट्रकों से निकलते ड्रोन्स को रोकने की नाकाम कोशिश करते हुए देखा जा सकता है। एक वीडियो में ट्रक को तकनीकी सहायता से उड़ते हुए भी दिखता है।
इस हमले से रूस की रणनीतिक हवाई हमले की क्षमता पर बड़ा असर पड़ा है और अनुमानित नुकसान कई अरब डॉलर का बताया जा रहा है।
6. इस्तांबुल में रूस-यूक्रेन शांति वार्ता: उम्मीदें कम, मतभेद गहरे
रूस और यूक्रेन के बीच आज इस्तांबुल में दूसरी सीधी शांति वार्ता होगी। युद्धविराम पर अब भी सहमति नहीं बनी है। यूक्रेन ने हर्जाने और कब्जे की जमीन वापसी की शर्त रखी है, जबकि रूस चाहता है कि यूक्रेन नाटो की सदस्यता छोड़े और अपने सैनिक चार कब्जाए क्षेत्रों से हटाए। अमेरिका, ब्रिटेन, फ्रांस और जर्मनी के प्रतिनिधि भी वार्ता में शामिल हो सकते हैं, लेकिन अमेरिका ने चेतावनी दी है कि यदि प्रगति नहीं होती तो वह खुद को अलग कर सकता है।
7. फ्रांस में फुटबॉल फैंस के जश्न के दौरान हुई हिंसा में 500 गिरफ्तार
फ्रांस में फुटबॉल फैंस के जश्न के दौरान हुई हिंसा में पुलिस ने 500 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया है। हिंसा पेरिस सेंट-जर्मेन (PSG) की चैंपियंस लीग जीत के बाद शुरू हुई, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि हिंसक भीड़ ने 264 वाहन जला दिए और 192 लोग घायल हुए, जिनमें 22 पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने हिंसा को “अस्वीकार्य” बताया और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया।
8. रामलला के दर्शन को भारत आए एलन मस्क के पिता
एलन मस्क के पिता एरोल मस्क 1 से 6 जून तक भारत दौरे पर हैं। वे अयोध्या में राम मंदिर के दर्शन करेंगे। एरोल मस्क हाल ही में भारतीय कंपनी सर्वोटेक के ग्लोबल एडवाइजरी बोर्ड में शामिल हुए हैं। इस यात्रा के दौरान वे ग्रीन टेक्नोलॉजी और ईवी चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न व्यापारिक बैठकों में भाग लेंगे।
9. आईपीएल के फाइनल में आमने-सामने होंगी आरसीबी और पंजाब किंग्स
आईपीएल 2025 के क्वालिफायर-2 में पंजाब किंग्स ने मुंबई इंडियंस को 5 विकेट से हराकर फाइनल में जगह बना ली। कप्तान श्रेयस अय्यर ने 41 गेंदों में नाबाद 87 रन की पारी खेली, जिसमें 8 छक्के शामिल थे। पंजाब ने 204 रन का लक्ष्य एक ओवर शेष रहते हासिल किया। अब फाइनल में पंजाब का मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से होगा, जो दोनों टीमों के लिए पहला आईपीएल खिताब जीतने का मौका है।
10. राजीव शुक्ला बन सकते हैं बीसीसीआई के अंतरिम अध्यक्ष
बीसीसीआई अध्यक्ष रोजर बिन्नी 19 जुलाई को 70 वर्ष के हो जाएंगे, जो बोर्ड के संविधान के अनुसार पद पर बने रहने की अधिकतम आयु सीमा है। इसलिए, उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला को अंतरिम अध्यक्ष नियुक्त किया जा सकता है। वे सितंबर में होने वाली वार्षिक आम बैठक तक इस पद पर रह सकते हैं।
11. उत्तर-पूर्व भारत में भारी बारिश से बाढ़ और भूस्खलन का खतरा
उत्तर-पूर्व भारत में भारी बारिश से बाढ़ और भूस्खलन के हालात बने हुए हैं। अब तक 30 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है और 4 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हैं। ब्रह्मपुत्र और बराक समेत 10 नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। असम, मणिपुर और सिक्किम में राहत-बचाव कार्य जारी है। मौसम विभाग ने कई राज्यों में रेड और येलो अलर्ट जारी किया है।
12. सुकमा में 16 नक्सलियों का आत्मसमर्पण
छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में 16 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है। इनमें से छह पर कुल ₹25 लाख का इनाम घोषित था। एक महिला और एक युवा नक्सली पर ₹8 लाख का इनाम था। आत्मसमर्पण करने वालों में दो नक्सली PLGA यानी (पीपुल्स लिबरेशन गुरिल्ला आर्मी) बटालियन के सदस्य भी शामिल हैं।
बसवा राजू के एनकाउंटर और हाल की मुठभेड़ों से नक्सली डरे हुए हैं, जिसकी वजह से ये सामूहिक आत्मसमर्पण हो रहे है। आत्मसमर्पण करने वालों ने मुख्यधारा में लौटने की इच्छा जताई है और उन्हें प्रशासन की पुनर्वास योजना का लाभ मिलेगा। ये घटनाएं सरकार की 31 मार्च 2026 तक नक्सल उन्मूलन रणनीति की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं।
13. इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर शर्मिष्ठा पनौली को देश-विदेश से समर्थन
बंगाल पुलिस द्वारा गिरफ्तार इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर शर्मिष्ठा पनौली को देश-विदेश से समर्थन मिल रहा है। अमेरिका में भारतीय मूल के लोग भी उनके पक्ष में खड़े हुए हैं। डच संसद गीर्ट विल्डर्स के बाद अब शर्मिष्ठा को समर्थन देने वालों की संख्या बढ़ रही है। अभिनेत्री कंगना रनौत, अशोक पंडित और बार काउंसिल ऑफ इंडिया के चेयरमैन मनन कुमार मिश्रा भी खुलकर उनके समर्थन में हैं और उनकी रिहाई की मांग कर रहे हैं।
राज्यसभा सदस्य मिश्रा ने शर्मिष्ठा की गिरफ्तारी को अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर हमला बताया और उनकी तुरंत रिहाई व निष्पक्ष सुनवाई की मांग की।
14. अब ऐप के जरिए पूर्वोत्तर के युवाओं को भारत के विरुद्ध भड़का रहा चीन
चीन भारत के खिलाफ डिजिटल युद्ध तेज कर रहा है। रेडनोट नामक सोशल मीडिया ऐप के जरिए पूर्वोत्तर के युवाओं को भारत के विरुद्ध भड़काया जा रहा है। इस एप के जरिए ‘चीन करीब है’, ‘दिल्ली काफी दूर है’ जैसे कंटेंट भारत के उत्तर पूर्वी राज्यों में फैलाए जा रहे हैं। रेडनोट ऐप का उद्देश्य फेक और गोपनीय कंटेंट अपलोड करना है, जिसमें भारत के विवादित नक्शे, झूठी खबरें और AI की मदद से बनाए गए वीडियो यूजर्स को गलत जानकारी देते हैं। टिक टॉक के बाद मोदी सरकार अब इस चीनी ऐप को भी बैन करने पर विचार कर रही है।
15. साकिब नाचन के ठिकाने पर ATS की छापेमारी
महाराष्ट्र ATS ने ठाणे जिले के पदघा गाँव में साकिब नाचन के ठिकानों पर छापेमारी की है। साकिब वही व्यक्ति है जिसके स्थान से पहले हुई रैड में सुरक्षा एजेंसियों को 44 ड्रोन मिले थे। वह प्रतिबंधित संगठन SIMI का पूर्व सचिव है और भगोड़े आतंकी जाकिर नाइक से भी उसके संबंध रहे हैं। जांच में सामने आया कि साकिब ने इस गाँव को ‘अल शाम’ यानी इस्लामिक शासन वाला आजाद क्षेत्र घोषित कर दिया था।
वह खुद को ISIS का प्रमुख बताता था और युवाओं को ‘बैयत’ यानि कसम दिलवाकर आतंकी गतिविधियों में शामिल करता था। ATS को उसके ठिकानों से इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, मोबाइल, सिम कार्ड, और संदिग्ध दस्तावेज मिले हैं।
जांच एजेंसियों को संदेह है कि बरामद ड्रोन का इस्तेमाल आतंकी साजिशों के लिए किया जाना था। मामले की पड़ताल जारी है और साकिब के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी हो रही है। गौरतलब है की ये नई छापेमारी ऐसे समय में की गयी है, जब यूक्रेन ने रूस में बड़े ड्रोन हमले किये है।
उसे 1997 में भारत में आतंकी साजिश के लिए सुप्रीम कोर्ट ने दोषी ठहराया था। 2002-03 में मुंबई में हुए तीन बम धमाकों (मुंबई सेंट्रल, विलेपार्ले, मुलुंड) का वह मुख्य साजिशकर्ता था, जिनमें 12 लोगों की मौत और 100 से ज्यादा लोग घायल हुए थे।
2016 में उसे 10 साल की सजा हुई, लेकिन सजा साथ चलने के कारण 2017 में रिहा हो गया। साकिब बम बनाना और ब्लास्ट की ट्रेनिंग देना भी जानता है। 2023 में NIA ने उस पर छापा मारा और गिरफ्तार किया था।
16. कन्नड़ भाषा विवाद में फंसी कमल हसन की ‘ठग लाइफ’
कमल हासन की फिल्म ‘ठग लाइफ’ कन्नड़ भाषा विवाद में फंस गई है। “कन्नड़ तमिल से जन्मी है” वाले बयान के बाद कन्नड़ समर्थकों ने फिल्म के बहिष्कार की मुहिम छेड़ रखी है। कर्नाटक फिल्म चैंबर ऑफ कॉमर्स ने भी राज्य में रिलीज पर रोक लगा दी है। माफी मांगने से इनकार करने के बाद, कमल हासन ने कर्नाटक हाईकोर्ट में याचिका दायर की है जिसमें फिल्म की रिलीज और सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। बताते चले की हासन की फिल्म 5 जून को रिलीज होनी है।
17. हेनरिक क्लासेन ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से लिया संन्यास
दक्षिण अफ्रीका के विस्फोटक बल्लेबाज और विकेटकीपर हेनरिक क्लासेन ने 33 वर्ष की उम्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की है। उन्होंने यह निर्णय परिवार के साथ अधिक समय बिताने की इच्छा के चलते लिया है। क्लासेन ने 60 वनडे में 4 शतक और 11 अर्धशतक के साथ 2,141 रन बनाए, जबकि 58 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 1,000 रन बनाए। वह अब वैश्विक फ्रेंचाइज़ी लीगों में खेलना जारी रखेंगे।
18. ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल ने वनडे क्रिकेट को किया अलविदा
ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल ने वनडे क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की है। 36 वर्षीय मैक्सवेल ने 13 साल के करियर में 149 वनडे मैच खेले। 2023 विश्व कप में अफगानिस्तान के खिलाफ उनकी नाबाद 201 रन की पारी आज भी क्रिकेट प्रशंसकों के दिलों में बसी हुई है। अब वे 2026 टी20 विश्व कप और फ्रेंचाइज़ी लीग्स पर ध्यान केंद्रित करेंगे।
19. भारत में ईवी के निर्माण को बढ़ावा देने के लिए नई स्कीम
भारत सरकार ने इलेक्ट्रिक पैसेंजर वाहनों के निर्माण को प्रोत्साहित करने के लिए नई योजना को मंजूरी दी है। इसके तहत ₹4,150 करोड़ के न्यूनतम निवेश पर कंपनियों को लाव मिलेगा | ऐसी कम्पनीज को 5 वर्षों तक EV आयात पर 15% रियायती कस्टम ड्यूटी की अनुमति मिलेगी। योजना के अंतर्गत, 3 वर्षों में 25% और 5 वर्षों में 50% लोकल वैल्यू एडिशन का लक्ष्य रखा गया है। केंद्रीय मंत्री एच. डी. कुमारस्वामी ने इसे भारत को वैश्विक EV विनिर्माण केंद्र बनाने की दिशा में अहम कदम बताया है।
20. पीएम मोदी से मिलेंगे विदेश दौरे से लौटे प्रतिनिधि
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 9 या 10 जून को ऑपरेशन सिंदूर पर विदेश दौरे से लौटे प्रतिनिधिमंडलों से मुलाकात करेंगे। ये प्रतिनिधिमंडल सात देशों में भारत का पक्ष रखने गए थे। बैठक में प्रधानमंत्री को इन दौरों के अनुभव और बातचीत की जानकारी दी जाएगी। इसके आधार पर आगे की रणनीति तय की जाएगी।
21. बांग्लादेशी करेंसी से शेख मुजीब गायब
बांग्लादेश को अपनी आजादी की जड़ों से कटाने के लिए, यूनुस सरकार ने एक और विवादित कदम उठाया है | बांग्लादेश ने नए करेंसी नोट्स जारी किये है जिसमे राष्ट्रपिता शेख मुजीबुर रहमान, जिन्हें ‘बंगबंधु’ के नाम से जाना जाता है, उनकी तस्वीर नहीं छपी है, यानी बांग्लादेश की करेंसी से शेख मुजीबुर रहमान की तस्वीर को हटा दिया गया है. बांग्लादेश बैंक ने 10, 100, 200 और 500 बांग्लादेशी टका के नए नोट जारी किए हैं, जो 1 जून, 2025 से प्रभावी है. नए नोटों पर देश के बदलते राजनीतिक और सांस्कृतिक परिदृश्य को दर्शाया गया है.
Top News Of The Day की खबरों को वीडियो फारमेट में नीचे लिंक में देखें-
कमेंट