1. अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस: राष्ट्रपति मुर्मू और पीएम मोदी ने किया योग
11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में योग किया। इस दौरान उन्होंने योग के महत्व पर जोर दिया और स्वस्थ जीवन शैली के लिए इसके नियमित अभ्यास का आह्वान किया।
दुनियाभर में आज 11वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू और डिप्टी सीएम पवन कल्याण सहित 3 लाख लोगों के साथ योग किया। विशाखापत्तनम के इस कार्यक्रम में 40 देशों के राजनयिकों ने भी हिस्सा लिया।
इस अवसर पर पीएम मोदी ने कहा कि योग का अर्थ है ‘जुड़ाना’ और यह देखना सुखद है कि कैसे योग ने पूरी दुनिया को जोड़ा है। उन्होंने कहा कि आज जब दुनिया में अशांति है, तो योग शांति की दिशा एक ‘पॉज बटन’ जैसा दिखाता है।
2. योग करोड़ों लोगों का हिस्सा बना: पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इंटरनेशनल योग डे के अपने संबोधन में योग के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि योग अब करोड़ों लोगों के जीवन का हिस्सा बन चुका है और यह सभी का है, सभी के लिए है। उन्होंने योग को व्यक्तिगत अभ्यास के बजाय वैश्विक साझेदारी और लोकनीति का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। मोदी ने बताया कि भारत योग के विज्ञान को आधुनिक रिसर्च से जोड़कर इसके प्रचार-प्रसार में लगा है, जिससे ‘हील इन इंडिया’ का मंत्र भी लोकप्रिय हो रहा है।
3. अंतराष्ट्रीय योग दिवस की थीम है खास
इस वर्ष अंतराष्ट्रीय योग दिवस की थीम ‘एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग’ है। इंडियन काउंसिल फॉर कल्चर रिलेशन्स के अनुसार, 191 देशों में योग कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे है | ये देश 1300 से अधिक स्थानों पर 2000 से ज्यादा योग कार्यक्रम करेंगे |
4. ‘योग आंध्र अभियान’ की हुई शुरुआत
आंध्र प्रदेश सरकार ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम के साथ गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया और साथ ही ‘योग आंध्र अभियान’ की शुरुआत की। इस मौके पर मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने पीएम नरेंद्र मोदी की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने योग को वैश्विक कल्याण आंदोलन में बदल दिया। उन्होंने आगे कहा, “मैं हमारे दूरदर्शी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को न सिर्फ भारत में बल्कि पूरे विश्व में योग को लोकप्रिय बनाने के लिए धन्यवाद देता हूं.” योग को दीर्घकालिक विकास से जोड़ते हुए मुख्यमंत्री ने जोर दिया कि ‘स्वर्ण आंध्र @ 2047’ का मूल लक्ष्य एक स्वस्थ, समृद्ध और सुखी आंध्र प्रदेश का निर्माण है।
5. गृह मंत्री अमित शाह ने किया योगाभ्यास
केंद्र गृह मंत्री अमित शाह ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर अहमदाबाद में हजारों लोगों के साथ सामूहिक योगाभ्यास किया। इस दौरान उन्होंने योग को मन, शरीर और मस्तिष्क में एकात्मता लाने वाला बताया। उन्होंने कहा कि योग अब विश्वभर में लोगों की दिनचर्या का अभिन्न अंग बन चुका है, जो इसके वैश्विक महत्व को दर्शाता है।
6. ‘ऑपरेशन सिंदूर’ अभी खत्म नहीं हुआ: रक्षामंत्री
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने जम्मू-कश्मीर के ऊधमपुर में सेना के जवानों के साथ योग किया। इस दौरान उन्होंने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का जिक्र करते हुए कहा कि पाकिस्तान भारत की एकता तोड़ने की कोशिश कर रहा है, जिसका भारतीय सेना ने करारा जवाब दिया है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ अभी खत्म नहीं हुआ है, और समाज व विचारों को जोड़ने पर ध्यान केंद्रित करने की आवश्यकता है।
7. योग भारत का ‘अद्भुत योगदान’: एस जयशंकर
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आज, करीब 60 देशों के राजदूतों ने दिल्ली के चाणक्यपुरी के प्रवासी भारतीय केंद्र में योग सत्र में भाग लिया। कई राजदूतों ने योग को भारत द्वारा विश्व को दिया गया ‘अद्भुत योगदान’ बताया।
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने अपने संबोधन में कहा, “योग की व्यापक पहुंच एवं स्वीकृति हर जगह साफ तौर पर दिख रही है और खास कर उन देशों को लेकर मैं आश्वस्त हूं, जिनका यहां प्रतिनिधित्व हो रहा है।”
उन्होंने कहा, “यूनेस्को द्वारा इसे विश्व अमूर्त सांस्कृतिक धरोहर के तौर पर शामिल किया जाना संपूर्ण मानवता के लिए इसके वैश्विक महत्त्व एवं लाभ को रेखांकित करता है।”
8. हरियाणा ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड, कुरुक्षेत्र में 20 लाख लोगों ने किया योग
हरियाणा ने एक नया कीर्तिमान स्थापित करते हुए सामूहिक योगाभ्यास का विश्व रिकॉर्ड बनाया है। प्रदेश के सभी 22 जिलों और 121 खंडों में आयोजित कार्यक्रमों में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, मंत्री और जनप्रतिनिधियों सहित 20 लाख लोगों ने योग आसन किए।
9. भारत के प्राचीन ज्ञान से दुनिया परिचित: सीएम यादव
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर सभी देशवासियों और प्रदेशवासियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि आज का दिन कालगणना की दृष्टि से उत्तरायण से दक्षिणायन की ओर बढ़ने वाला सबसे बड़ा दिन है। धीरे-धीरे रात बढ़ने लगेगी। भारत के प्राचीन ज्ञान से दुनिया परिचित हो रही है…”।
10. सीएम धामी ने चमोली में किया योग
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड के चमोली में योग सत्र में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने योग के महत्व पर प्रकाश डाला और स्वस्थ जीवन शैली के लिए इसके नियमित अभ्यास को बढ़ावा देने का आह्वान किया।
11. योग मानसिक स्वास्थ्य के लिए जरूरी: अभिनेता अनुपम
अभिनेता अनुपम खेर ने टाइम्स स्क्वायर के सहयोग से सीजीआई न्यूयॉर्क में आयोजित योग कार्यक्रम में भाग लिया। जहां उन्होंने अपने बचपन के योग अनुभव साझा किए। अभिनेता ने कहा कि योग सिर्फ शारीरिक नहीं, बल्कि मानसिक स्वास्थ्य के लिए भी बेहद जरूरी है। उनके साथ अन्य लोगों ने भी इस कार्यक्रम में सक्रिय रूप से हिस्सा लिया।
12. फ्रांस में योग सत्र का आयोजन
फ्रांस के भारतीय दूतावास ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर योग सत्र का आयोजन किया, जिसमें लोकप्रिय योग प्रशिक्षिका पद्म श्री चार्लोट चोपिन ने भी भाग लिया।
13. टोक्यो में योग दिवस की धूम
जापान की राजधानी टोक्यो में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसका उद्घाटन जापान के माननीय प्रधानमंत्री की पत्नी, मैडम योशिको इशिबा ने किया। इस अवसर पर जापान के विदेश मंत्री की पत्नी, मैडम सातोको इवाया भी मौजूद रहीं। भारत के राजदूत सिबी जॉर्ज ने दो हजार से अधिक योग प्रेमियों की सभा को संबोधित किया। यह आयोजन जापान में भारत के वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों, राजदूतों और दोस्तों की उपस्थिति में हुआ।
14. अटारी सीमा पर BSF ने किया योग
वर्ल्ड योग डे पर सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने अटारी सीमा पर विशेष योग कार्यक्रम का आयोजन किया, जिसमें जवानों ने सक्रिय भागीदारी की।
Top News Of The Day की खबरों को वीडियो फारमेट में नीचे लिंक में देखें-
कमेंट