- RCB विजय जश्न में भगदड़ पर हाईकोर्ट सख्त, सरकार पर गंभीर सवाल
बेंगलुरु में RCB की जीत के जश्न के दौरान मची भगदड़ में 11 लोगों की मौत के बाद अब कर्नाटक हाईकोर्ट ने स्वतः संज्ञान लिया है। कोर्ट आज (5 जून) दोपहर इस मामले की सुनवाई करेगा। इस हादसे के बाद RCB, BCCI और कर्नाटक सरकार ने जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया था। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बेंगलुरु पुलिस ने पहले ही भीड़ नियंत्रण को लेकर चेताया था और सलाह दी थी कि आयोजन रविवार को किया जाये, लेकिन सरकार ने आनन-फानन में जश्न मनवाने पर जोर दिया।
2. पर्यावरण दिवस पर पीएम मोदी ने दिल्ली में किया पौधारोपण
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत दिल्ली के भगवान महावीर वनस्थली पार्क में वटवृक्ष का पौधारोपण किया। यह कदम ‘अरावली ग्रीन वॉल परियोजना’ का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य अरावली पर्वतमाला के 700 किमी क्षेत्र को फिर से हरा-भरा बनाना है।
यह परियोजना दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान और गुजरात के 29 जिलों में फैले 5 किमी के बफर ज़ोन में वनीकरण, जलस्रोत संरक्षण और जैव विविधता को बढ़ावा देने का कार्य करेगी।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने दिल्ली सरकार की सतत परिवहन पहल के तहत 200 नई इलेक्ट्रिक बसों को भी हरी झंडी दिखाई। यह हरित गतिशीलता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
3. ट्रंप ने दोहराई पुरानी प्रतिबंध नीति, 12 देशों पर पूर्ण यात्रा प्रतिबंध
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 12 देशों के यात्रियों के अमेरिका में प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। इसके साथ ही 7 अन्य देशों पर आंशिक यात्रा पाबंदियाँ भी लागू की गई हैं। ट्रंप ने यह निर्णय कोलोराडो में हुए हमले का हवाला देते हुए लिया, जहाँ एक illegal मिस्र नागरिक ने गाजा में कैद इस्राइली नागरिकों की रिहाई की मांग कर रहे शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों पर आग लगा दी थी। ट्रम्प का कहना है कि इस निर्णय का उद्देश्य राष्ट्रीय सुरक्षा को सुनिश्चित करना है। यह निर्णय ट्रंप के पहले कार्यकाल में लागू की गई सात इस्लामी देशों पर यात्रा प्रतिबंध नीति को पुनर्जीवित और विस्तारित करता है।
4. सुप्रीम कोर्ट से रामचंद्र गुहा को झटका
इतिहासकार रामचंद्र गुहा और सामाजिक कार्यकर्ता नंदिनी सुंदर को बड़ा झटका लगा है | सुप्रीम कोर्ट ने छत्तीसगढ़ सहायक सशस्त्र पुलिस बल अधिनियम, 2011 को चुनौती देने वाली उनकी याचिका खारिज कर दी। याचिकाकर्ताओं ने इसे 2011 के कोर्ट के फैसले की अवमानना बताया था, जिसमें कोर्ट ने सलवा जुडूम को असंवैधानिक घोषित कर भंग कर दिया था।
सलवा जुडूम 2005 में एक राज्य-प्रायोजित मिलिशिया अभियान था, जिसमें नक्सलियों से लड़ने के लिए आदिवासी युवाओं को ट्रेनिंग देकर हथियार दिए गए थे। मानवाधिकार हनन के आरोपों के बाद सुप्रीम कोर्ट ने इसे खत्म कर दिया था।
अब कोर्ट ने साफ कहा कि नया अधिनियम अलग है, यह विधानसभा द्वारा पारित वैध कानून है और इसके तहत नियुक्त सहायक बल संवैधानिक सुरक्षा उपायों के तहत कार्य करते हैं। इसलिए यह सलवा जुडूम की वापसी नहीं मानी जा सकती।
5. बांग्लादेशियों ने BSF जवान का अपहरण किया
पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में बांग्लादेशियों ने एक BSF जवान का अपहरण कर उसे केले के पेड़ से बाँधकर पीटा और गालियाँ देते हुए वीडियो बनाया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। यह घटना सुतियार BSF कैंप के पास हुई, जहाँ 71वीं बटालियन के श्रीगणेश नाम के एक जवान को बांग्लादेशी नागरिक अगवा कर सीमा पार ले गए। इस घटना के बाद BSF के अधिकारियों ने BGB जवानों के साथ फ्लैग मीटिंग की जिसके बाद जवान को छोड़ दिया गया। BSF के अधिकारियों ने कल इसकी जानकारी दी |
6. पंजाब में ISI से जुड़े दो आतंकी गिरफ्तार
तरनतारन पुलिस ने ISI से जुड़े दो आतंकियों सूरजपाल सिंह और अर्शदीप सिंह को गिरफ्तार किया है। दोनों सीमावर्ती गांव लखन के रहने वाले हैं और हथियारों की तस्करी में लिप्त थे। पुलिस ने इनके पास से 6 पिस्तौल और भारी मात्रा में कारतूस बरामद किए हैं। DGP गौरव यादव ने बताया कि पूछताछ में बड़े आतंकी नेटवर्क के सुराग मिलने की संभावना है।
कमेंट