CM विष्णु देव साय ने किया रात्रि उड़ान सेवा का लोकार्पण, अंबिकापुर-दिल्ली-कोलकाता हवाई सेवा की भी शुरुआत

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर स्थित बिलासा देवी केवट एयरपोर्ट से 30 मार्च 2026 को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रात्रि उड़ान सेवा की शुरुआत की। इस अवसर पर सीएम स्वयं रात में पहली नाइट फ्लाइट से रायपुर के लिए रवाना हुए। इस दौरान उनके साथ विधायक धर्मजीत सिंह भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि फ्लाइटों के नाइट ऑपरेशन्स प्रारंभ होने से अब निर्धारित उड़ानों के साथ-साथ इमरजेंसी और मेडिकल फ्लाइट्स भी रात के समय संचालित होंगी, जिससे मरीजों का जीवन बचाने के अभियान में तेजी आएगी। उन्होंने कहा कि बेहतर हवाई संपर्क से व्यापार, पर्यटन और निवेश को बढ़ावा मिलेगा, साथ ही स्थानीय स्तर पर विकास को गति मिलेगी। सीएम साय ने जनता से इस नई सुविधा का लाभ उठाने की अपील की।
बता दें कि 31 करोड़ रुपये की लागत से इस एयरपोर्ट को 3C VFR से 3C IFR श्रेणी में उन्नत किया गया है। DGCA ने 6 फरवरी 2026 को बिलासा देवी केवट एयरपोर्ट को 3C IFR श्रेणी में रात्रिकालीन संचालन की अनुमति प्रदान की गई, जिससे अब यहां रात के समय उड़ानों का लोकार्पण मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किया।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अंबिकापुर-दिल्ली-कोलकाता हवाई सेवा का किया शुभारंभ
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 30 मार्च 2026 को नेताजी शुभाष चंद्र बोस राज्य पुलिस अकादमी, चंदखुरी से अंबिकापुर (दरिमा)-दिल्ली-कोलकाता हवाई सेवा का वर्चुअली शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य के प्रमुख शहरों को विमान सेवाओं से जोड़ने के लगातार प्रयासरत हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का सपना (हवाई चप्पल पहनने वाला व्यक्ति भी हवाई यात्रा कर सके) अब छत्तीसगढ़ में साकार होता नजर आ रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की राजधानी दिल्ली और कोलकाता से अंबिकापुर का सीधा जुड़ाव से यहां आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी। व्यापार, पर्यटन में इजाफा होगा। उन्होंने बताया कि बजट में ‘सीजी वायु’ योजना के माध्यम से घरेलू विमान सेवाओं के सुचारू संचालन का प्रावधान भी किया गया है।
सीएम साय ने बताया कि रायपुर एयरपोर्ट पर कार्गो सेवा प्रारंभ होने से स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाने तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।
बता दें कि अभी सप्ताह में 4 दिन विमानन कंपनी एलायंस एयर द्वारा इन 72 सीटर उड़ानों का संचालन किया जाएगा। यात्रियों के लिए टिकट बुकिंग आधिकारिक वेबसाइट पर प्रारंभ हो चुकी है। मां महामाया एयरपोर्ट, दरिमा का विकास केंद्र सरकार की उड़ान योजना के अंतर्गत किया गया है। हवाई पट्टी का विस्तार 1500 मीटर से बढ़ाकर 1800 मीटर किया गया, जिससे अब एटीआर जैसे बड़े विमान यहां संचालित हो सकते हैं।











