इंदौर एयरपोर्ट के नए टर्मिनल-1 का CM मोहन यादव ने किया लोकार्पण, यात्रियों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 29 मार्च 2026 को इंदौर के देवी अहिल्याबाई होल्कर एयरपोर्ट के नए टर्मिनल-1 का लोकार्पण किया। नया टर्मिनल आधुनिक सुविधाओं से लैस है, जिसमें हाईटेक चेक-इन काउंटर, बेहतरीन सिक्योरिटी अरेंजमेंट, विशाल वेटिंग एरिया और आधुनिक बैगेज हैंडलिंग सिस्टम जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शिता ने ही देश के विमान क्षेत्र का कायाकल्प किया है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी की दूरदृष्टी का परिणाम है कि आज समाज के हर तबके के लिए हवाई यात्रा करना संभव हुआ है। अब हवाई चप्पल पहनने वाला व्यक्ति भी हवाई जहाज की यात्रा करने के सामर्थ्य हुआ है।
बता दें कि इंदौर शहर की बेहतरीन हवाई सुविधाओं को अमेरिका क्वालिटी काउंसिल ने क्वालिटी सर्टिफिकेट से सम्मानित किया है।कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री यादव ने काउंसिल द्वारा प्राप्त क्वालिटी सर्टिफिकेट ऑफ रजिट्रेशन इंदौर एयरपोर्ट के पदाधिकारियों को सौंपकर उन्हें बधाई दी।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश में एयर एम्बुलेंस सेवा शुरू करने की जानकारी भी दी। उन्होंने कहा कि इससे गंभीर बीमारियों से ग्रसित मरीजों को तुरंत इलाज के लिए बड़े अस्पताल पहुंचाया जा सकेगा।
इस कार्यक्रम में केंद्रीय एविएशन मंत्री किंजरापु राम मोहन नायडू भी वर्चुअली शामिल हुए। वहीं सांसद शंकर लालवानी भी कार्यक्रम में उपस्थित थे।
सीएम ने बताया कि वर्तमान में राज्य में 8 हवाई अड्डे, 20 एयर स्टिप्स और 220 हेलीपैड्स मौजूद हैं। व उन्होंने बताया कि केवल पिछले 2 वर्ष में रीवा, सतना और दतिया में नए एयरपोर्ट का सफल संचालन प्रारंभ किया गया। शिवपुरी और उज्जैन में भी नया हवाई अड्डा बनाने की तैयारी है। इनके निर्माण के बाद प्रदेश में कुल 10 एयरपोर्ट्स हो जाएंगे।
सीएम यादव ने बताया कि सरकार का लक्ष्य प्रदेश में हर 150 किलोमीटर में एक कमर्शियल एयरपोर्ट विकसित करने का है। वहीं हर 75 किलोमीटर पर एक एयरस्ट्रिप और हर 45 किलोमीटर में एक होलीपैड की सुविधा उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है।
नए टर्मिनल में क्या-क्या रहेंगी खास सुविधाएं
₹50 करोड़ की लागत से नवनिर्मित इस आधुनिक टर्मिनल में यात्रियों के लिए कई खास सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। यह टर्मिनल प्रतिवर्ष लगभग 15 लाख यात्रियों को संभालने की क्षमता रखता है और प्रति घंटे 400 यात्रियों की आवाजाही को सुचारू रूप से मैनेज कर सकता है। यहां 14 चेक-इन काउंटर बनाए गए हैं, साथ ही 300 यात्रियों के बैठने की व्यवस्था भी की गई है। इस टर्मिनल से 18 उड़ानों का संचालन किया जाएगा। यात्रियों की सुविधा के लिए 150 चार पहिया वाहनों की पार्किंग, वीआईपी रूम और अन्य आधुनिक सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी। खास बात यह है कि ‘उड़ान यात्री कैफे’ में मात्र 10 रुपये में चाय और 20 रुपये में नाश्ता भी मिलेगा, जिससे आम यात्रियों को किफायती सुविधाएं मिल सकेंगी।
सीएम यादव ने कहा कि यह नया टर्मिनल धार्मिक पर्यटन, अंतर्राष्ट्रीय यात्री और व्यापारियों के लिए काफी लाभदायक सिद्ध होगा। उन्होंने कहा कि इससे यात्रियों को तो बेहतरीन सुविधाएं मिलेंगी ही साथ ही पर्यटन के जरिए आर्थिक विकास को गति मिलेगी। यह टर्मिनल भारतीय संस्कृति की झलक प्रस्तुत करते हुए आधुनिक अधोसंरचना को सशक्त करेगा।











