Menu

सभी कार्यक्रम रद्द कर छिंदवाड़ा पहुंचे CM मोहन यादव, सड़क हादसे में जान गंवाने वाले परिवारों से मिले, बंधाया ढांढस

Editor Ritam HindiEditor Ritam Hindi28 Mar 2026, 02:10 pm IST
सभी कार्यक्रम रद्द कर छिंदवाड़ा पहुंचे CM मोहन यादव, सड़क हादसे में जान गंवाने वाले परिवारों से मिले, बंधाया ढांढस
CM मोहन यादव छिंदवाड़ा में सड़क हादसे के पीड़ित परिवारों से मिलते हुए

मध्य प्रदेश में छिंदवाड़ा-नागपुर रोड पर 26 मार्च 2026 को शाम में हुई भीषण सड़क दुर्घटना पर राज्य के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दुख जताया है। घटना की जानकारी लगते ही सीएम यादव दिल्ली से लौटने के बाद अपने सभी कार्यक्रम रद्द कर सीधे छिंदवाड़ा पहुंचे। यहां उन्होंने तहसील मोहखेड़ के गांव करेर, ग्वारा और झिरिया में सभी शोकाकुल परिवारजनों से मुलाकात की, उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने पीड़ित परिवारों से कहा कि यह दुर्घटना बहुत पीड़ादायक है, इस दुख की घड़ी में सरकार सभी प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है।

इतना ही नहीं सीएम मोहन यादव ने छिंदवाड़ा जिला अस्पताल पहुंचकर वहां घायलों से मुलाकात की और उनके शीर्घ स्वस्थ होने की कामना की। इस दौरान सीएम ने आवश्यकता पड़ने पर घायलों को रेफर करने की व्यवस्था करने और नागपुर में भर्ती घायलों के बारे में भी डॉक्टरों से बात की।

बता दें मुख्यमंत्री यादव ने इस सड़क दुर्घटना में मृतकों के परिवारजनों को मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान से 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया था। इसके अलावा मुख्यमंत्री संबल योजना से भी अतिरिक्त 4-4 लाख रुपये शोकाकुल परिवारों को देने के अधिकारियों को निर्देश दिए। यानी कुल 8 लाख रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी। वहीं उन्होंने कहा कि सभी घायलों का नि:शुल्क इलाज और 1-1 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।

सीएम यादव ने घटना के दौरान ड्यूटी से लौट रहे पुलिस के जवानों द्वारा घायलों की मदद करने पर उनकी प्रशंसा की और उन्हें सम्मानित करने की बात कही। उन्होंने इस घटना के जांच के आदेश भी दिए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग सहित पूरे जिले के लोगों ने संवेदनशील तरीके से इस घटना से निपटने में भूमिका निभाई है।

बता दें 26 मार्च की शाम एक पिकअप और बस की टक्कर हो गई थी। जिसके बाद बस पलट गई। इस सड़क हादसे में दोनों गाड़ियों के ड्राइवर समेत 10 से ज्यादा लोगों का मौत हो गई। 30 से ज्यादा लोग अभी घायल हैं, जिनका जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।

Related News