CM मोहन यादव ने भांडेर को ₹62 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों की दी सौगात, ट्रैक्टर पर बैठकर किसानों से किया संवाद

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 24 मार्च 2026 को दतिया जिले के भांडेर क्षेत्र का दौरा किया। उन्होंने राज्य स्तरीय किसान सम्मेलन’ में सहभागिता की। इस दौरान उन्होंने 62 करोड़ रुपये से अधिक लागत के 12 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इन परियोजनाओं से शिक्षा, पर्यटन और आधारभूत सुविधाओं में बढ़ोत्तरी होगी।
इस अवसर पर सीएम मोहन यादव ने दतिया क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों की सौगात दी गई। पीजी कॉलेज में विज्ञान भवन और कैंटीन का निर्माण होगा, वहीं भांडेर में संदीपनी उत्कृष्ट विद्यालय और ततारपुर में स्टेडियम बनाया जाएगा। पुलिस लाइन में नया कार्यालय भवन तैयार किया जाएगा और पंडोखर धाम व रामगढ़ माता मंदिर के पास यात्रियों के ठहरने के लिए विश्राम गृह बनाए जाएंगे। इसके साथ ही माता रतनगढ़ योजना के तहत यात्री निवास भी बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने लगभग 7 करोड़ रुपये की लागत से दो नए कार्यों का शिलान्यास भी किया, जिनमें रतनगढ़ माता मंदिर पर विद्युत उपकेंद्र और भांडेर में छात्रावास का निर्माण शामिल है। इन सभी योजनाओं से क्षेत्र में शिक्षा और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा तथा लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
CM मोहन यादव ने ट्रैक्टर पर बैठकर किसानों से संवाद किया
बता दें कि मुख्यमंत्री यादव अपने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, दोपहर 2:22 बजे हेलीकॉप्टर से बेरछ रोड स्थित हेलीपैड पहुंचे। यहां से मंडी प्रांगण जाते समय उन्होंने बिछरेटा गांव में एक किसान के खेत पर रुककर कृषि के कामकाज का निरीक्षण किया। खेत में स्ट्रा रीपर मशीन को काम करते देख मुख्यमंत्री यादव खुद ट्रैक्टर पर बैठे और किसानों से कृषि कार्यप्रणाली और फसल प्रबंधन को लेकर संवाद किया। इस दौरान सीएम ने किसानों से खेती में आधुनिक तकनीकें अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि इससे किसानों का उत्पादन बढ़ेगा और लागत में भी कमी आएगी।
इसके बाद मुख्यमंत्री मोहन यादव मंडी प्रांगण पहुंचे, जहां जनप्रतिनिधिोयों और आम नागरिकों ने उनका जोरदार स्वागत किया। कार्यक्रम में उन्होंने अलग-अलग विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी को देखा और जिन लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिलना था, उन्हें वहीं पर वह लाभ भी दिया।
जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम यादव ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार महिलाओं, युवाओं और किसानों के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने किसानों से पराली नहीं जलाने की अपील की, साथ ही सुपर सीडर जैसी वैज्ञानिक तकनीक के उपयोग पर बल दिया। सीएम ने कहा कि किसानों द्वारा अपनाई गई इस प्रणाली से मिट्टी की उर्वरता बनी रहेगी और पर्यावरण संरक्षण के लिए यह एक अहम कदम साबित होगा।











