CM मोहन यादव ने पांढुर्णा में ‘श्री हनुमान लोक’ का लोकार्पण किया, ₹362 करोड़ के विकास कार्यों की दी सौगात

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पांढुर्णा जिले के जाम सांवली में स्थित ₹35.09 करोड़ की लागत से विकसित श्री हनुमान लोक के प्रथम चरण का लोकार्पण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने भगवान हनुमान के चरणों में बैठकर विधिवत पूजा-अर्चना की और प्रदेश की सुख-स्मृद्धि की कामना की।
सीएम यादव ने कहा कि यह दिव्य परिसर श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र बनने के साथ-साथ क्षेत्र में पर्यटन और रोजगार के नए अवसर भी सृजित करेगा। इसके साथ ही उन्होंने सौंसर में 362.80 करोड़ रुपये के 67 विकास कार्यों की सौगात भी दी, जिससे जिले में धार्मिक पर्यटन, रोजगार और क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने खनिज विभाग में चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्रों का वितरण भी किया। वहीं 111 करोड़ 63 लाख रुपये के 34 विकास कार्यों का लोकार्पण किया। उन्होंने 251.17 करोड़ 33 लाख रुपये की लागत से 33 विकास कार्यों का भूमि-पूजन भी किया।
सीएम द्वारा सौंसर में केंद्रीय विद्यालय, हनुमान लोक में अस्पताल, पांढुर्णा में कलेक्टर एवं एसपी कार्यालय, जिला अस्पताल, जिला पंचायत भवन और रेलवे ओवरब्रिज जैसे विकास कार्यों की सौगात दी गई।
‘श्री हनुमान लोक’ के प्रथम चरण के लोकार्पण अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि ‘सच्चा वादा और पक्का काम’ के मंत्र को साकार करते हुए हम संकल्प से सिद्धि की ओर बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि 3 वर्ष पहले महाकालेश्वर में महालोक कॉरिडोर बना, इसके बाद सरकार ने राज्य के सभी प्रमुख तीर्थ स्थलों को धाम के रुप में विकसित करने का फैसला लिया गया। मुख्यमंत्री ने श्री हनुमान लोक के दूसरे चरण के विकास कार्यों की घोषणा की गई। उन्होंने कहा कि महाकाल लोक ने उज्जैन को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाई। अब जाम सांवली की हनुमान लोक भी इस क्षेत्र को नई पहचान दिलाएगी।
सीएम सैनी ने यहां श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य के लिए 10 बिस्तरों का छोटा अस्पताल बनाने की बात भी कही। सीएम ने पांढुर्णा में 10 एकड़ भूमि पर इंडोर एवं आउडोर स्टेडियम बनाने का भी ऐलान किया। उन्होंने कहा कि जिले में नगरपालिकाओं को विकास के लिए पर्याप्त राशि दी जाएगी और महिला पुलिस थाना भी स्थापित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि किसान कल्याण वर्ष में किसानों को दिन में भी बिजली उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने किसानों से फसल उत्पादन के साथ-साथ पशुपालन, दुग्ध उत्पादन और मत्स्य पालन से अपने आय बढ़ाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार लगातार प्राकृतिक खेती को बढ़ावा दे रही है।
सीएम ने कहा कि सरकार ने दुग्ध उत्पादन 9% से बढ़ाकर 20% करने का लक्ष्य रखा है। उन्होंने कहा कि माता यशोदा योजना के जरिए सरकारी स्कूलों में बच्चों को मुफ्त में दूध के टेट्रा पैक वितरित किए जा रहे हैं।
उन्होंने युवाओं को रोजगार देने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता का जिक्र किया। सीएम ने कहा कि अब तक 70 हजार नियुक्ति पत्र वितरित किए जा चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग में 42 हजार पदों को मंजूरी दी गई है। वहीं इस साल 1 लाख नियुक्तियां होने की बात कही। उन्होंने आने वाले समय में 2.5 लाख नियुक्तियों का लक्ष्य रखा।











