Menu

CM नायब सैनी ने 1,884 करोड़ रुपये सीधे ‘लाभार्थियों’ के बैंक खातों में भेजे, लाखों लोगों को मिली आर्थिक राहत

Editor Ritam HindiEditor Ritam Hindi10 Mar 2026, 04:25 pm IST
CM नायब सैनी ने 1,884 करोड़ रुपये सीधे ‘लाभार्थियों’ के बैंक खातों में भेजे, लाखों लोगों को मिली आर्थिक राहत
बुजुर्ग, किसान और महिलाओं को राहत, CM नायब सैनी ने भेजे 1,884 करोड़ रुपये

हरियाणा की नायब सिंह सैनी सरकार ने प्रदेश के लाखों लोगों को बड़ी आर्थिक राहत देते हुए विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के अतर्गत 1,884 करोड़ रुपये की राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में ट्रांसफर की है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने यह राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से एक क्लिक से जारी की। इससे बुजुर्ग, दिव्यांग, किसान और अन्य पात्र लोगों के बैंक खातों में सीधा पैसा पहुंचा।

नायब सरकार द्वारा जारी इस राशि का सबसे बड़ा हिस्सा सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के अंतर्गत दिया गया। इन योजनाओं के अंतर्गत करीब 26.12 लाख लाभार्थियों के खातों में लगभग 842 करोड़ रुपये से अधिक की राशि ट्रांसफर की गई। इसमें वृद्धावस्था सम्मान भत्ता, दिव्यांग पेंशन और अन्य सामाजिक सहायता योजनाएं शामिल हैं, जिनका उद्देश्य जरूरतमंद लोगों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करना है।

इसके अलावा किसानों को सीएम नायब सिंह सैनी ने बड़ी राहत दी है। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत खरीफ 2025 सीजन के लिए लगभग 1.67 लाख किसानों को 711 करोड़ रुपये से अधिक का बीमा क्लेम दिया गया। यह राशि उन किसानों के लिए जारी की गई है जिनकी फसल प्राकृतिक आपदाओं या अन्य कारणों से प्रभावित हुई थी। कांग्रेस सरकार तो किसानों की 269 करोड़ रुपये की मुआवजा राशि बकाया छोड़कर चली गई थी। इसे वर्तमान सरकार ने वर्ष 2014 में जनसेवा का दायित्व संभालने के बाद जारी किया।

राज्य सरकार ने मंडी व्यवस्था से जुड़े आढ़तियों के हितों को ध्यान में रखते हुए भी भुगतान किया है। लगभग 11,199 आढ़तियों के खातों में करीब 56.97 करोड़ रुपये की राशि ट्रांसफर की गई। इसके अलावा दयालु योजना के तहत 5,409 परिवारों को लगभग 205 करोड़ रुपये और प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 12,353 परिवारों को 67 करोड़ रुपये की सहायता दी गई।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि सरकार का उद्देश्य योजनाओं का लाभ सीधे पात्र लोगों तक पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि DBT प्रणाली से पारदर्शिता बढ़ी है और लाभार्थियों को बिना किसी परेशानी के समय पर आर्थिक सहायता मिल रही है। सरकार आगे भी किसानों, महिलाओं और कमजोर वर्गों के कल्याण के लिए ऐसी योजनाएं जारी रखेगी।

Related News