ITI पास युवाओं को रोजगार दिलाने पर CM नायब सिंह सैनी का जोर, हर जिले में रोजगार मेले लगाने के निर्देश

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 25 मार्च 2026 को हरियाणा निवास में युवा सशक्तिकरण एवं उद्यमिता विभाग के कार्यों को लेकर एक समीक्षा बैठक की। इस बैठक में सीएम सैनी ने ITI पास युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आइटीआई पास छात्रों की नौकरी और ट्रेनिंग (अप्रेंटिसशिप) से जुड़ी जानकारी को एक जगह इकट्ठा करके एक ऑनलाइन पोर्टल बनाया जाए। साथ ही ITI पास आउट हुए ट्रेनी छात्रों का डेटा, प्रदेश के सभी उद्योग संस्थानों को उपलब्ध कराने के लिए एक डिजिटल पोर्टल का निर्माण किया जाए। बता दें कि इस बैठक में उद्यमिता विभाग के राज्यमंत्री गौरव गौतम भी मौजूद रहे।
CM ने राज्य के सभी जिलों में बड़े पैमाने पर रोजगार मेले लगाने और विभाग को इसके लिए कलेंडर जारी करने के निर्देश दिए, जिससे ज्यादा से ज्यादा युवाओं को रोजगार मिल सकें। सीएम ने कहा कि नई शिक्षा नीति में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विजन है कि विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ हाथ का हुनर भी सिखाया जाए।
सीएम ने यह भी कहा कि ITI पास स्टूडेंट की मॉन्टिरिंग भी व्यवस्था भी हो, जिससे पाता चल सके कि आईटीआई करने के बाद उन्हें रोजगार मिला या नहीं। वहीं इंटर्नशिप करने वाले विद्यार्थियों का डेटा भी इकट्ठा किया जाए।
मुख्यमंत्री सैनी ने राज्य के ITi संस्थानों को अपग्रेड करने पर भी जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों से ITI में मौजूद मशीनरी की जानकारी भी ली कि मशीनरी खराब या पुरानी टैक्नॉलॉजी की तो नहीं है। इसके साथ ही उन्हें अपग्रेड करने पर भी जोर दिया गया। उन्होंने निजी ITI के कामकाज की भी समीक्षा की। निजी ITI में अनियमितताएं मिलने पर मुख्यमंत्री ने सख्ती से कार्रवाई करने के निर्देश दिए। राज्य मंत्री गौरव गौतम ने निर्देश दिए कि आईटीआई संस्थानों में खेल गतिविधियों के लिए एक तय कैलेंडर बनाया जाए। साथ ही, प्रशिक्षण ले रहे छात्रों को उद्योगों में शैक्षणिक दौरे पर भी ले जाया जाए, ताकि उन्हें व्यावहारिक जानकारी मिल सके।











