Menu

CM रेखा गुप्ता ने निर्मल छाया कॉम्पलेक्स का किया दौरा, ‘जुवेनाइल जस्टिस मैनेजमेंट इन्फॉर्मेशन पोर्टल’ किया लॉन्च

Editor Ritam HindiEditor Ritam Hindi19 Mar 2026, 05:34 pm IST
CM रेखा गुप्ता ने निर्मल छाया कॉम्पलेक्स का किया दौरा, ‘जुवेनाइल जस्टिस मैनेजमेंट इन्फॉर्मेशन पोर्टल’ किया लॉन्च
रेखा गुप्ता ने शुरू किया Juvenile Justice Portal, बच्चों की सुरक्षा अब डिजिटल ट्रैकिंग से मजबूत

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 17 मार्च 2026 को निर्मल छाया कॉम्प्लेक्स का दौरा किया और इस अवसर पर जुवेनाइल जस्टिस मैनेजमेंट इन्फॉर्मेशन पोर्टल (Juvenile Justice Management Information Portal) का शुभारंभ किया। यह पहल दिल्ली में बाल कल्याण और संरक्षण प्रणाली को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

इस दौरान सीएम ने महिलाओं और बच्चों के सशक्तिकरण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं का जायजा लिया। निर्मल छाया कॉम्प्लेक्स दिल्ली में महिलाओं और बच्चों के कल्याण के लिए एक प्रमुख केंद्र है। यहां महिला हाट, समर्थ आंगनवाड़ी और संकल्प हब जैसी पहलें चल रही हैं, जो महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उनके कौशल विकास में मदद करती हैं। मुख्यमंत्री ने इन केंद्रों में कार्यरत महिलाओं से सीधा संवाद किया। उन्होंने उनकी मेहनत, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भर बनने के प्रयासों की खूब सराहना की तथा इसे प्रेरणादायक बताया।

अपने दौरे के दौरान सीएम रेखा गुप्ता ने परिसर में मौजूद बच्चों से बातचीत की और उनकी शिक्षा को प्रोत्साहित करने के लिए उन्हें स्कूल बैग तथा अन्य आवश्यक शैक्षणिक सामग्री वितरित की। साथ ही, माताओं को बेहतर स्वास्थ्य और कल्याण के लिए स्वास्थ्य किट प्रदान की गईं। आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के समर्पण और सेवा भावना को सम्मान देते हुए उन्हें प्रोत्साहन राशि भी दी गई।

इस अवसर पर लॉन्च किया गया जुवेनाइल जस्टिस मैनेजमेंट इन्फॉर्मेशन पोर्टल बाल संरक्षण प्रणाली को डिजिटल और पारदर्शी बनाने का एक बड़ा प्रयास है। यह पोर्टल दिल्ली के सभी बाल गृहों, अवलोकन गृहों और संबंधित विभागों को एक ही प्लेटफॉर्म से जोड़ता है। इससे बच्चों के मामलों की रियल-टाइम ट्रैकिंग संभव हो सकेगी। जैसे कि बच्चा कहां है, उसका केस कितना आगे बढ़ा, पुनर्वास की स्थिति क्या है। सब कुछ एक क्लिक पर उपलब्ध होगा।

बता दें कि इस पोर्टल का मुख्य उद्देश्य बाल कल्याण प्रणाली में पारदर्शिता, दक्षता और जवाबदेही लाना है। इससे लापरवाही, देरी और भ्रष्टाचार की संभावना कम होगी। बच्चों की सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा और कानूनी मामलों की निगरानी आसान हो जाएगी।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व ट्विटर) पर लिखा कि सरकार का संकल्प है कि हर मां सशक्त हो, हर बच्चा सुरक्षित, स्वस्थ और उज्ज्वल भविष्य की ओर आत्मविश्वास से बढ़े। यह पहल रेखा गुप्ता सरकार की महिला एवं बाल विकास नीतियों को मजबूती देगी।

Related News