राजधानी में ‘देखो मेरी दिल्ली’ डबल डेकर ई-बस सेवा प्रारंभ, CM रेखा गुप्ता ने दिखाई हरी झंडी

रेखा गुप्ता सरकार ने दिल्ली में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए डबल डेकर ई-बस सेवा की शुरुआत की है। 27 फरवरी 2026 को ‘देखो मेरी दिल्ली’ डबल डेकर ई-बस को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रफी मार्ग से फ्लैग ऑफ किया। सीएम रेखा गुप्ता ने विजय चौक से प्रधानमंत्री संग्रहालय तक इस अत्याधुनिक बस में सफर भी किया। इस दौरान उनके साथ दिल्ली सरकार में पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा भी मौजूद रहे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि यह पहल दिल्ली को आधुनिक और विश्वस्तरीय पर्यटन केंद्र के रुप में स्थापित करने की दिशा में एक अहम कदम है। फिलहाल ये डबल डेकर बसें पर्यटन विभाग के अंतर्गत संचालित की जा रही है।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने डबल डेकर बस में किया सफर (Photo Credit: X/CMO Delhi)
बता दें दिल्ली में 1960 और 1970 के दशक में डबल डेकर बस सड़कों पर चलती थीं। बढ़ते मेंटेनेंस खर्च, सेफ्टी की दिक्कतों और तंग सड़कों की वजह से 1980 के दशक के आखिर तक बसों को हटा दिया गया था। करीब 40 साल बाद ये डबल डेकर बसें अब इलेक्ट्रिक अवतार में राजधानी की सड़कों पर सरपट दौड़ने लगी हैं।
क्या रहेगा रुट?
नए कलेवर वाली ये इको-फ्रेंडली बसें दिल्ली के ऐतिहासिक स्थलों-धरोहरों और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर के दर्शन कराएगी। फिलहाल इन बसों को नई दिल्ली इलाके में चलाया जा रहा है, जिनमें दिल्ली हॉट-INA, नेशनल म्यूजियम, नेशनल गैलरी ऑफ मॉर्डन आर्ट, प्रधानमंत्री संग्राहालय, नेशनल वॉर मेमोरियल और इंडिया गेट शामिल हैं। इस रुट को इसलिए चुना गया है कि क्योंकि इस रुट पर पेड़ और खुले में तार नहीं है। रेखा गुप्ता सरकार पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर शालीमार बाग और चांदनी चौक में बिजली के तारों को अंडरग्राउंड करने का काम कर रही है।
बता दें कि इन बसों में ड्राइवर समेत कुल 63 लोगों के बैठने की सुविधा होगी। पहले फ्लोर पर कुल 29 सीट और ऊपर 46 लोगों के बैठने की व्यवस्था है। एक बार फुल चार्ज हो जाने पर बस 150-170 किलोमीटर तक चलेगी।

डबल डेकर बस में 63 लोगों के बैठने की व्यवस्था (Photo Credit: X/CMO Delhi)
कितना होगा किराया?
डबल डेकर बसों के लिए ऑफलाइन और ऑनलाइन दोनों तरीके से टिकट की बुकिंग होगी। एडल्ट के लिए ₹500 टिकट, 6 से 18 साल के बच्चों के लिए ₹300 और 5 साल या उससे कम उम्र के बच्चों का कोई टिकट नहीं लगेगा।
ऑनलाइन टिकट बुक करने के लिए www.delhitourism.gov.in इस वेबसाइट पर जाकर UPI के जरिए टिकट लेने की व्यवस्था है। वहीं ऑफलाइन टिकट पर्यटन विभाग के सूचना केंद्रों, खड़क सिंह मार्ग, हनुमान मंदिर के सामने कॉफी हाउस के पास, आईजीआई के टर्मिनल 1, ट्रांसपोर्ट ऑफिस, वेस्ट किदवई नगर, श्री अरबिंदो मार्ग, आईएनए मार्केट के सामने, दिल्ली हाट (आईएनए) के पास और ट्रैवल डिविजन-दिल्ली हाट (आईएनए) से ले सकेंगे।
मुख्यमंत्री ने इस पहल को सरकार की दूरदर्शी नीति और सार्वजनिक-निजी सहभागिता (पीपीपी मॉडल) के सफल क्रियान्वयन का उत्कृष्ट उदाहरण बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल दिल्ली को आधुनिक और विश्वस्तरीय पर्यटन गंतव्य के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण है।
दिल्ली की रेखा सरकार राजधानी को पर्यटक हब के रूप में विकसित करने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। इन डबल डेकर बसों से राजधानी में आने वाले पर्यटकों को बेहतरीन अनुभव मिलेगा और वे दिल्ली की विरासत और आधुनिकता के दर्शन एक साथ कर सकेंगे।











