CM रेखा गुप्ता ने 25 नई अटल कैंटीनों का किया शुभारंभ, मात्र ₹5 रुपये में मिलेगा भरपेट भोजन

राजधानी दिल्ली में जरूरतमंदों और श्रमिक वर्ग को सस्ता भोजन उपलब्ध कराने के लिए सीएम रेखा गुप्ता ने गुरूवार को 25 और नई ‘अटल कैंटीनों’ की शुरुआत की। कृष्णा नगर की नर्सरी बस्ती से डिजिटल माध्यम से इन कैंटीनों का उद्घाटन किया गया। अब राजधानी में इन कैंटीनों की कुल संख्या बढ़कर 70 हो गई है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने आम नागरिकों के साथ बैठकर भोजन भी किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
कोई भूखा न सोए- सीएम रेखा
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि अटल कैंटीनें शुरू करने की योजना यहीं तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को सम्मान देने की कोशिश है। केवल ₹5 में दाल, चावल, रोटी और सब्जी जैसे संतुलित आहार के माध्यम से मजदूरों, रिक्शा चालकों और रेहड़ी-पटरी वालों को पौष्टिक भोजन मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि ‘सबका साथ, सबका विकास’ के संकल्प के तहत सरकार का लक्ष्य भविष्य में इन कैंटीनों की संख्या को 100 तक पहुंचाना है, ताकि दिल्ली में कोई भी व्यक्ति भूखा न सोए। सीएम ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि भोजन की गुणवत्ता, पौष्टिकता और स्वाद में कोई कमी नहीं होनी चाहिए।
उल्लेखनीय है कि 20 फरवरी को दिल्ली सरकार अपना एक वर्ष पूरा कर रही है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आगे कहा कि पिछले एक साल में पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ गरीबों के हित में कई बड़े फैसले लिए गए हैं, और 24 नई कैंटीनों का विस्तार इसी सेवा यात्रा का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। इस कार्यक्रम के दौरान उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना भी मौजूद थे।
आधुनिक तकनीकी से गुणवत्ता पर रखा जा रहा विशेष ध्यान
आधुनिक तकनीक के माध्यम से अटल कैंटीनों को संचालित की जा रही है। पूरी बिलिंग कंप्यूटराइज्ड है और टोकन सिस्टम डिजिटल रखा गया है। खाने की स्वच्छता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी जाती है। प्लास्टिक मुक्त पर्यावरण को बढ़ावा देने के लिए भोजन स्टील की थाली में परोसा जाता है।
अटल जयंती पर रखी गई थी 45 कैंटीन की नींव
उल्लेखनीय है कि इस कल्याणकारी योजना की नींव पिछले वर्ष 25 दिसंबर को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती पर रखी गई थी। जहां, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर की उपस्थिति में दिल्ली के 45 विभिन्न स्थानों पर इन कैंटीनों का उद्घाटन किया था। उस दौरान भी सीएम और केंद्रीय मंत्री ने स्वयं ₹5 का टोकन खरीदकर भोजन की गुणवत्ता का जायजा लिया।











