जन्म के समय ₹11000, 21 साल पर ₹1 लाख: CM रेखा गुप्ता की ‘लखपति बिटिया योजना’, डायरेक्ट खाते में आएगा पैसा

दिल्ली की रेखा गुप्ता सरकार 1 अप्रैल 2026 से ‘लखपति बिटिया योजना’ प्रारंभ करने जा रही है। सरकार राजधानी में पैदा होने वाली बिटिया के जन्म से लेकर ग्रेजुएशन तक विभिन्न चरणों में उसके बैंक खाते में पैसा जमा करेगी। यह पैसा बालिका को 21 वर्ष की आयु पूर्ण करने पर दिया जाएगा।
इस योजना का लाभ दिल्ली के किसी भी परिवार में जन्मी 2 बेटियों को दिया जाएगा। बेटी के 21 साल के होने पर ब्याज सहित उसे ₹1 लाख मिलेंगे। रेखा सरकार का लक्ष्य है कि बेटी को शिक्षा हासिल करने में पैसा बाधक नहीं बने और उसे गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिले। दिल्ली की बीजेपी सरकार ने इस योजना के लिए ₹160 करोड़ का बजट तय किया है।
यह स्कीम 18 साल पुरानी लाडली योजना में विभिन्न प्रकार की खामियों और पिछली सरकारों का बेटी की शिक्षा को लेकर उदासीन रवैये को बदलने के लिए लाई गई है। बता दें कि आम आदमी पार्टी की सरकार के समय लाडली योजना का ₹190 करोड़ लंबित थे।
पिछली सरकारों की अव्यवस्था के चलते दिल्ली में आर्थिक कारणों से लड़कियों का पढ़ाई के बीच में ड्रॉपआउट करना एक समस्या बनी रही। रेखा सरकार ने इस समस्या के समाधान के लिए शासन में आते ही 30 हजार से ज्यादा लाभार्थी बेटियों को ₹90 करोड़ जारी किए। इसके साथ ही 41 हजार अन्य लाभार्थी बेटियों को भी जल्द ही ₹100 करोड़ जारी किए जाएंगे। अब लखपति बिटिया योजना के जरिए रेखा सरकार का उद्देश्य लड़कियों की शिक्षा दर को बढ़ाने और राजधानी की महिला साक्षरता दर 100% करना है।
लाडली योजना के तहत सरकार द्वारा बेटी के जन्म से 12वीं कक्षा तक विभिन्न चरणों में कुल ₹35,000 जमा किए जाते थे। यह राशि बेटी के 21 वर्ष की आयु पर ब्याज सहित दी जाती थी। लेकिन पिछले कुछ वर्षों में इस योजना का लाभ प्रभावी ढंग से नहीं पहुंच पा रहा था, और कई खातों में फंड अटके हुए थे।
अब लखपति बिटिया योजना इसकी जगह लेने जा रही है, जिसमें सहायता राशि बढ़ाकर ₹56,000 कर दी गई है। योजना के तहत सरकार बेटी के जन्म से लेकर उसकी शिक्षा के विभिन्न चरणों में राशि जमा करेगी। कुल ₹56,000 की राशि को चरणबद्ध तरीके से वितरित किया जाएगा, और ब्याज मिलाकर लगभग ₹1 लाख पहुंच जाएगी।
राशि सीधे बेटी के आधार से जुड़े बैंक खाते में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से आएगी। यह पैसा 21 वर्ष की आयु पूरी होने या स्नातक पूरा करने पर निकाला जा सकेगा।
क्रमांक अवसर / चरण राशि (रुपये में) 1 बेटी के जन्म के समय 11,000 2 कक्षा-1 में प्रवेश 5,000 3 कक्षा-6 में प्रवेश 5,000 4 कक्षा-9 में प्रवेश 5,000 5 कक्षा-10 में उत्तीर्ण होने पर 5,000 6 कक्षा-12 में प्रवेश 5,000 7 प्रोफेशनल डिप्लोमा में प्रवेश 5,000 8 ग्रेजुएशन प्रथम वर्ष 5,000 9 ग्रेजुएशन द्वितीय वर्ष 5,000 10 ग्रेजुएशन तृतीय वर्ष 10,000
लखपति बिटिया योजना के पात्रता मानदंड
योजना का लाभ लेने के लिए कुछ शर्तें हैं, जो सुनिश्चित करती हैं कि यह वास्तविक जरूरतमंदों तक पहुंचे:
- बेटी का जन्म दिल्ली में होना चाहिए।
- परिवार कम से कम 3 वर्ष से दिल्ली का निवासी हो।
- परिवार की वार्षिक आय ₹1 लाख से अधिक न हो
- एक परिवार में अधिकतम दो बेटियों को ही लाभ मिलेगा।
- यदि बेटी दिल्ली से बाहर पढ़ाई करती है, तो भी पात्र होगी।
योजना में आवेदन करने की प्रक्रिया
इस योजना में आवेदन करने की प्रक्रिया सरल और पूरी तरह से डिजिटल है। दिल्ली सरकार के ई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल (edistrict.delhigovt.nic.in) के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है। सबसे पहले, आधार कार्ड से जुड़े दिल्ली के एड्रेस के साथ पोर्टल पर लॉगिन बनाएं। फिर, योजना के फॉर्म में आवश्यक विवरण भरें, जैसे जन्म तिथि, परिवार की आय, और शिक्षा संबंधी दस्तावेज अपलोड करें। आवेदन जन्म के एक वर्ष के भीतर या शिक्षा के चरणों पर किया जा सकता है। यदि कोई समस्या हो, तो दिल्ली महिला एवं बाल विकास विभाग से संपर्क किया जा सकता है।
लखपति बिटिया योजना बेटियों को शिक्षा के जरिये सशक्तीकरण से जोड़ती है। यह स्कीम न केवल वित्तीय सहायता प्रदान करती है, बल्कि समाज में लिंग समानता को बढ़ावा देती है।











