Menu

गुरुग्राम-फरीदाबाद-नोएडा RRTS कॉरिडोर को नायब सरकार की मंजूरी, गुरुग्राम मेट्रो विस्तार को भी हरी झंडी

Editor Ritam HindiEditor Ritam Hindi27 Feb 2026, 05:00 pm IST
गुरुग्राम-फरीदाबाद-नोएडा RRTS कॉरिडोर को नायब सरकार की मंजूरी, गुरुग्राम मेट्रो विस्तार को भी हरी झंडी
गुरुग्राम-नोएडा RRTS को मंजूरी, भोंडसी तक मेट्रो विस्तार

हरियाणा की नायब सिंह सैनी सरकार ने गुरुग्राम–फरीदाबाद–नोएडा–ग्रेटर नोएडा नमो भारत रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (RRTS) कॉरिडोर और गुरुग्राम मेट्रो के भोंडसी तक विस्तार को मंजूरी दे दी है। इन दोनों इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं के पूरा होने के बाद नेशनल कैपिटल रिजन (NCR) में कनेक्टिविटी और विकास को नया आयाम मिलेगा।

RRTS कॉरिडोर की घोषणा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विधानसभा में की। इसके अंतर्गत नायब सरकार ने गुरुग्राम, फरीदाबाद, नोएडा और ग्रेटर नोएडा को जोड़ने वाले 64 किलोमीटर लंबे “नमो भारत आरआरटीएस-कम-मेट्रो” कॉरिडोर के अंतिम अलाइनमेंट को मंजूरी दी है। मुख्यमंत्री ने बताया कि  परियोजना के लिए राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (NCRTC) को विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि जल्द ही निर्माण कार्य शुरू किया जा सके।

मुख्यमंत्री नायब सैनी ने विधानसभा में बताया कि यह रैपिड ट्रेन कॉरिडोर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ईज ऑफ लिविंग विजन के अनुरूप है।

इस RRTS कॉरिडोर में 6 कोच वाली हाई-स्पीड ट्रेनें चलाई जाएंगी, जिनमें 10 हाई स्पीड ट्रेनें भी शामिल होंगी, और प्रति ट्रेन लगभग 1,968 यात्री सफर कर सकेंगे। यह प्रणाली यात्रियों को भीड़भाड़ और ट्रैफिक जाम से बचाते हुए तेज, सुरक्षित और आधुनिक यात्रा का अनुभव देगी।

इस परियोजना पर 15 हजार करोड़ रुपये की लागत आएगी और इसके लिए 75 हेक्टेयर भूमि की जरुरत होगी। इसमें सेक्टर 29, मिलेनियम सिटी सेंटर, सेक्टर-52, वजीराबाद, सेक्टर-57 तथा सेक्टर 58/61 जैसे महत्वपूर्ण स्टेशन शामिल होंगे।

RRTS परियोजना का लक्ष्य NCR के भीतर प्रमुख आर्थिक केंद्रों को जोड़ना है। वर्तमान में गुरुग्राम से नोएडा तक का सफर सड़क मार्ग से लगभग 2 घंटे का है, लेकिन इस रैपिड रेल से यह यात्रा आधे घंटे के भीतर पूरी होने की उम्मीद जताई जा रही है। इससे रोजाना यात्रा करने वालों को बहुत राहत मिलेगी और समय की बड़ी बचत होगी।

यह कॉरिडोर गुरुग्राम में इफको चौक से शुरू होकर ग्वाल पहाड़ी तक, फरीदाबाद में सैनिक कॉलोनी से बादशाहपुर तथा नोएडा और ग्रेटर नोएडा के प्रमुख इलाकों तक विस्तारित होगा, जिसमें कई महत्वपूर्ण स्टेशनों पर मेट्रो और RRTS का एकीकृत कनेक्शन मिलेगा। इससे यात्रियों को इंटर-शहर ट्रांजिट में आसानी होगी। वहीं दिल्ली मेट्रो की येलो और वॉयलेट लाइन से भी नमो भारत कॉरिडोर से जोड़ा जाएगा। जिससे मल्डी-मॉडल कनेक्टिविटी प्रदान हो सकेगी।

इसके साथ ही नायब सरकार ने गुरुग्राम मेट्रो को अब भोंडसी तक विस्तारित करने की मंजूरी भी दी है, जिससे शहर के दक्षिणी हिस्सों को बेहतर कनेक्शन मिलेगा। इसके लिए कंसल्टेंट नियुक्त किए गए हैं और प्रारंभिक प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, जिससे भविष्य में इसे सोहना तक भी आगे बढ़ाया जा सके।

भोंडसी मेट्रो विस्तार योजना के तहत अनुमानित 17.09 किलोमीटर लंबा मार्ग प्रस्तावित है, जो भोंडसी से सुभाष चौक, राजीव चौक, सोहना चौक और गुरुग्राम रेलवे स्टेशन जैसे महत्वपूर्ण स्थानों को जोड़ेगा। सलाहकार द्वारा पहले ही प्रारंभिक रिपोर्ट पेश की जा चुकी है और अगला कदम विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार करने का होगा।

इन परियोजनाओं से NCR में यातायात बोझ में कमी, पर्यावरण संरक्षण, और आर्थिक कनेक्टिविटी में मजबूती आएगी, जिससे NCR जैसे घनी आबादी वाले क्षेत्र के लिए एक बड़ा फायदा होने वाला है। हरियाणा सरकार की ये पहल प्रदेश को एक बेहतर और उन्नत ट्रांसपोर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर की ओर अग्रसरित करेगी।

Related News