International Women’s Day: कर्तव्य पथ पर आयोजित ‘शक्ति वॉक’ में शामिल हुई CM रेखा गुप्ता, महिला सशक्तिकरण का दिया संदेश

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस (8 मार्च 2026) के अवसर पर नई दिल्ली के कर्तव्य पथ पर आयोजित शक्ति वॉक में भाग लिया। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इसे महिलाओं की सामूहिक शक्ति और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान का प्रतीक बताया। इस कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, अनुप्रिया पटेल, सावित्री ठाकुर और राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर भी मौजूद रहीं।
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आयोजित इस शक्ति वॉक का उद्देश्य समाज में महिलाओं की भूमिका को सम्मान देना और उन्हें सशक्त बनाने का संदेश फैलाना था। नई दिल्ली के कर्तव्य पथ पर बड़ी संख्या में महिलाओं, युवाओं और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने इस कार्यक्रम में हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं की भागीदारी और उत्साह देखने लायक था।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि महिलाएं आज हर क्षेत्र में अपनी पहचान बना रही हैं। चाहे वह शिक्षा जगत हो, राजनीति हो, प्रशासन हो, विज्ञान हो या खेल का मैदान हो, हर क्षेत्र में महिलाएं देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण केवल एक नारा नहीं, बल्कि देश के विकास की मजबूत नींव है।
उन्होंने यह भी कहा कि जब महिलाएं मजबूत और आत्मनिर्भर होती हैं, तब परिवार, समाज और देश भी मजबूत बनता है। सरकार महिलाओं की शिक्षा, सुरक्षा और रोजगार के लिए लगातार कई योजनाएं चला रही है, ताकि वे आगे बढ़ सकें और अपने सपनों को पूरा कर सकें।
कार्यक्रम में मौजूद केंद्रीय महिला विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने भी महिलाओं के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि आज का दिन महिलाओं के सम्मान, उनके अधिकारों और उनकी उपलब्धियों को याद करने का दिन है।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने महिला सशक्तिकरण के संदेश को आगे बढ़ाने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का सकल्प भी लिया।











