Menu

रामनवमी पर कबीर आश्रम को मिला सामुदायिक वन अधिकार, CM विष्णुदेव साय ने वितरित किए स्वामित्व पत्र

Editor Ritam HindiEditor Ritam Hindi28 Mar 2026, 11:16 am IST
रामनवमी पर कबीर आश्रम को मिला सामुदायिक वन अधिकार, CM विष्णुदेव साय ने वितरित किए स्वामित्व पत्र
CM विष्णुदेव साय कबीर आश्रम को सामुदायिक वन अधिकार पत्र देते हुए - जशपुर छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 27 मार्च 2026 को रामनवमी के अवसर पर जशपुर जिले के बगिया स्थित अपने कैंप कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में जनजाति समुदाय के लोगों को सामुदायिक वन अधिकार पत्र वितरित किए। ये अधिकार पत्र कुनकुरी विकासखंड के वार्ड सभा कुनकुरी स्थित कबीर आश्रम के सदस्यों को दिए गए। इस अवसर पर जिलाधिकारी रोहित व्यास, एसएसपी डॉ. लाल सिंह उम्में, एसडीएम नंदजी पांडे सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और जनप्रतिनिधिगण मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री साय ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि सामुदायिक वन अधिकार पत्र का उद्देश्य केवल जनजाति समुदाय को भूमि का स्वामित्व देना नहीं, बल्कि उन्हें सम्मान, स्वाभिमान और आजीविका से जुड़े संरक्षण का सशक्त अधिकार देना है। स्थानीय समुदायों को सशक्त बनाना मकसद है।

 

उन्होंने कहा कि सरकार की इस पहल से ग्रामीणों की आजीविका को मजबूती मिलेगी, साथ ही पर्यावरण संरक्षण और जैव विविधता की रक्षा में भी मदद मिलना सुनश्चित होगा। इस दौरान मुख्यमंत्री ने वन सुरक्षा समितियों को सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनजाति समुदाय की भागीदारी से ही वनों को संरक्षित, सुरक्षित और समृद्ध रखा जा सकता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कबीर पंथ से जुड़े लोगों के वर्षों के संघर्ष और मांग के बाद उन्हें उस भूमि में से 5 एकड़ का पट्टा दिया गया, जिसपर उन्होंने कब्जा किया था।  कबीर पंथ आमीन माता मंडल की अध्यक्ष सुशीला देवी ने इस महत्वपूर्ण फैसले के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार प्रकट करते हुए इस निर्णय को समाज के लिए ऐतिहासिक बताया। उन्होंने मुख्यमंत्री को भूमि पूजन के लिए आमंत्रित भी किया।

बता दें कि मुख्यमंत्री साय के इस निर्णय से जनजाति समाज के इन लोगों का जीवन भी अन्य लोगों की भांति स्थायी, सरल, समृद्ध और सुरक्षित हो जाएगा। वे भी मुख्यधारा में आकर देश की प्रगति में अपना योगदान देंगे।

 

Related News