Menu

CM नायब सिंह सैनी ने ‘महिला उद्यमिता मंच’ की हरियाणा इकाई का किया शुभारंभ, आर्थिक रुप से सशक्त होंगी महिलाएं

Editor Ritam HindiEditor Ritam Hindi09 Mar 2026, 04:23 pm IST
CM नायब सिंह सैनी ने ‘महिला उद्यमिता मंच’ की हरियाणा इकाई का किया शुभारंभ, आर्थिक रुप से सशक्त होंगी महिलाएं
सीएम नायब सिंह सैनी ने लॉन्च किया ‘महिला उद्यमिता मंच’, महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने की पहल

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस 2026 के अवसर पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेश की महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त करने के लिए ‘महिला उद्यमिता मंच’ की हरियाणा इकाई का शुभारंभ किया।

इस ‘महिला उद्यमिता मंच’ का मुख्य उद्देश्य राज्य की महिलाओं को उद्योग, व्यापार और स्वरोजगार से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।  इस अवसर पर सीएम सैनी ने 16 महिला उद्यमियों को सहायता राशि के चेक वितरित किए और महिलाओं के लिए 3 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि यह मंच महिला नेतृत्व वाले स्टार्टअप की संख्या में 61 प्रतिशत की वृद्धि करने में सहायक सिद्ध होगा। नायब सरकार महिलाओं को केवल नौकरी तक सीमित नहीं रखना चाहती, बल्कि उन्हें उद्यमी बनने के लिए प्रेरित कर रही है, जिससे वे खुद रोजगार सृजित करें और अन्य महिलाओं को रोजगार उपलब्ध करा सकें।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने स्पष्ट किया कि यह प्लेटफॉर्म महिलाओं को आधुनिक बाजार तकनीकों, मार्केटिंग रणनीतियों और उद्यमिता कौशल से परिचित कराएगा। इससे महिलाएं अपने व्यवसाय को मजबूत बना सकेंगी और आर्थिक रूप से मजबूत होंगी।

कार्यक्रम में महिलाओं को रोजगार देने वाले उद्योगों के लिए अतिरिक्त सब्सिडी देने की भी घोषणा की गई, जिससे महिलाओं की भागीदारी बढ़ेगी।

इसके अलावा, सीएम सैनी ने ‘दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना’ की पांचवीं किस्त के रूप में 200.77 करोड़ रुपये, विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत 1,338.61 करोड़ रुपये और ‘हर घर हर गृहिणी योजना’ के तहत 20.21 करोड़ रुपये सीधे महिलाओं के बैंक खातों में हस्तांतरित किए।

उन्होंने कहा कि ‘लखपति दीदी योजना’ के अंतर्गत हरियाणा में अब तक 1.06 लाख महिलाएं लखपति बन चुकी हैं, और वित्तीय वर्ष 2026-27 में 3 लाख और महिलाओं को इस लक्ष्य तक पहुंचाने का लक्ष्य है।’नमो ड्रोन दीदी’ योजना के अंतर्गत 500 स्वयं सहायता समूहों की 5,000 महिलाओं को मुफ्त प्रशिक्षण दिया जा रहा है। साथ ही, औद्योगिक क्षेत्रों में 10 आधुनिक ‘मातृ-शक्ति’ क्रेच सेंटर स्थापित किए जाएंगे, जहां कर्मचारियों का मानदेय 3,000 से बढ़ाकर 15,000 रुपये मासिक किया गया है।

सीएम सैनी ने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, मुख्यमंत्री मातृत्व सहायता योजना, मुख्यमंत्री दूध उपहार योजना, महिला एवं किशोरी सम्मान योजना और मिशन इंद्रधनुष जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख किया और महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए सरकार द्वारा उठाए जा रहे कदमों की सरहाना की।

Related News