बड़ी खबरें: बेंगलुरु जेल के शीर्ष अधिकारी सस्पेंड, UP के स्कूलों में ‘वंदे मातरम’ अनिवार्य, आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़

बेंगलुरु जेल में VIP ट्रीटमेंट का घोटाला: ISIS आतंकी, सीरियल रेपिस्ट के पास मिले स्मार्टफोन-TV; जेल के शीर्ष अधिकारी सस्पेंड
बेंगलुरु की परप्पना अग्रहारा सेंट्रल जेल के शीर्ष अधिकारियों को अंदर चल रही अवैध गतिविधियों और VIP ट्रीटमेंट के चौंकाने वाले वीडियो वायरल होने के बाद निलंबित कर दिया गया है। जेल अधीक्षक मगेरी और एएसपी अशोक भजंत्री को निलंबित कर दिया गया है, जबकि मुख्य अधीक्षक सुरेश का तबादला कर दिया गया है। लीक हुए वीडियो में कैदी गाना गाते, नाचते हुए और “पार्टी ऑल नाइट” चिल्लाते हुए देखे गए, जबकि ISIS रिक्रूटर, सीरियल रेपिस्ट उमेश रेड्डी और अभिनेता तरुण जैसे कुछ उच्च जोखिम वाले कैदियों को मोबाइल फोन और स्मार्ट टीवी का उपयोग करते हुए देखा गया। गृह मंत्री जी. परमेश्वर ने इन उल्लंघनों को “अस्वीकार्य” बताया और एडीजीपी जितेंद्र के नेतृत्व में एक महीने की उच्च-स्तरीय जांच की घोषणा की। भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए लाइव सीसीटीवी मॉनिटरिंग, मजबूत जैमर और वार्डरों की त्वरित भर्ती सहित नए सुरक्षा उपाय शुरू किए गए हैं। इससे पहले, केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कांग्रेस सरकार पर जेल को चरमपंथियों के लिए “स्लीपर सेल” में बदलने का आरोप लगाया था और दावा किया था कि कैदी “शानदार सुविधाओं” का आनंद ले रहे थे।
बेंगलुरु एयरपोर्ट पर नमाज पढ़ने का वीडियो वायरल, RSS रूट मार्च पर आपत्ति जताने वाली कर्नाटक सरकार पर BJP ने साधा निशाना
कर्नाटक में बेंगलुरु के इंटरनेशनल एयरपोर्ट के टर्मिनल-2 पर पर कुछ लोगों द्वारा नमाज पढ़ने का वीडियो वायरल होने के बाद सियासी बवाल हो गया है। बीजेपी ने कांग्रेस सरकार पर हमला बोलते हुए इस घटना के लिए जवाबदेही मांगी है। बीजेपी प्रवक्ता विजय प्रसाद ने सीएम सिद्दरमैया से सवाल पूछा कि क्या हाई-सिक्योरिटी वाले इस सार्वजनिक क्षेत्र में नमाज पढ़ने के लिए राज्य सरकार के नियमों के अनुसार इजाजत ली गई थी? बीजेपी ने आरोप लगाया कि सिद्धारमैया सरकार RSS के रूट मार्च पर आपत्ति करती है, लेकिन एक प्रतिबंधित क्षेत्र में ऐसी धार्मिक गतिविधियों पर आंखें बंद कर लेती है।
तिरुपति लड्डू विवाद: 5 साल तक नकली घी की सप्लाई की CBI ने की पुष्टि, SIT जांच के बाद दिल्ली का व्यापारी गिरफ्तार
तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम (TTD) के लड्डू घी विवाद ने और गहरा रूप ले लिया है। CBI ने पुष्टि करते हुए बताया कि 2019-2024 तक, लगातार 5 सालों तक तिरुमाला में मिलावटी घी की सप्लाई की गई थी। SIT जांच में नकली घी बनाने में उपयोग होने वाले रसायन प्रदान करने के आरोप में दिल्ली के व्यापारी अजय कुमार सुगंधा को गिरफ्तार किया गया है। आरोपित नंबर 16 (A16) के रूप में पहचाने गए अजय ने कथित तौर पर भोलेबाबा डेयरी के निदेशकों पोमिल जैन और विपिन जैन के साथ मिलकर काम किया, और उन्हें दक्षिण कोरिया से आयातित मोनोग्लिसराइड्स, एसिटिक एसिड और एस्टर जैसे रसायन सप्लाई किए। फोरेंसिक जांच में खुलासा हुआ कि पवित्र तिरुपति लड्डुओं में इस्तेमाल किया गया 90% से अधिक घी मिलावटी था और यह वैष्णवी और एआर डेयरी ब्रांडों के तहत वितरित किया गया था। दिल्ली में हिरासत में लिए गए अजय कुमार को 21 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
कठुआ: ‘शून्य सहनशीलता नीति’ के तहत आतंकियों की सहायता करने के आरोप में SPO अब्दुल लतीफ-मोहम्मद अब्बास बर्खास्त
जम्मू संभाग के कठुआ में तैनात विशेष पुलिस अधिकारी (SPO) अब्दुल लतीफ और मोहम्मद अब्बास को आतंकियों की सहायता करने के आरोप में सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। अब्दुल लतीफ पर आतंकियों के संपर्क में रहने के कारण पहले भी प्राथमिकी दर्ज हुई थी और उसने डोडा जेल में सजा भी काटी थी। वहीं, मोहम्मद अब्बास के खिलाफ भी 4 प्राथमिकी दर्ज हैं। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जम्मू-कश्मीर पुलिस में आतंकवाद से सहानुभूति रखने वालों या राष्ट्र विरोधी तत्वों के लिए कोई जगह नहीं है। यह कदम सुरक्षा एजेंसियों की ‘शून्य सहनशीलता नीति’ का हिस्सा है।
कर्नाटक: मैसूर स्कूल के वॉशरूम में 8वीं क्लास के छात्र से मारपीट, निजी अंगों पर आईं गंभीर चोटें, 3 सहपाठियों पर केस दर्ज
कर्नाटक के मैसूर के एक स्कूल में रैगिंग का मामला सामने आया है। 8वीं कक्षा के (13 वर्ष) छात्र को उसके तीन सहपाठियों ने स्कूल के वॉशरूम में ले जाकर बुरी तरह पीटा और इससे उसके निजी अंगों पर गंभीर चोटें आईं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, आरोपी छात्र पीड़ित से रोज मोबाइल और पैसे मांगते थे। शुरुआत में पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज नहीं की। लेकिन, परिजनों और लोगों के दबाव के बाद जयलक्ष्मीपुरम पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया। एफआईआर में स्कूल प्रबंधन प्रमुख और शिक्षक मुख्य आरोपी (A1) हैं। पुलिस ने तीनों आरोपी छात्रों पर भी मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
उत्तर प्रदेश के सभी स्कूलों में राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ अनिवार्य: CM योगी
सीएम योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश के सभी स्कूलों में राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ का गायन अनिवार्य करने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि वंदे मातरम का विरोध अनुचित है और इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सीएम ने विरोधियों को चेतावनी देते हुए कहा, “अगर देश में कोई दोबारा जिन्ना पैदा होने की कोशिश करता है, तो उसे हम यहीं जिंदा दफन कर देंगे।” मुख्यमंत्री ने वंदे मातरम के विरोध को राष्ट्रविरोधी मानसिकता का प्रतीक बताया।
हरियाणा: J&K के डॉक्टर आदिल अहमद राथर और मुजामिल शकील गिरफ्तार; मेडिकल कॉलेज से 360 किलो केमिकल, राइफल और गोला-बारूद जब्त
आतंकवादी नेटवर्क के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई में, जम्मू-कश्मीर पुलिस और हरियाणा पुलिस ने संयुक्त रूप से हरियाणा के फरीदाबाद स्थित अल फलाह अस्पताल से 360 किलोग्राम ज्वलनशील रसायन, एक राइफल और भारी मात्रा में गोला-बारूद बरामद किया है। शुरुआत में मीडिया ने आरडीएक्स और एके-47 राइफल बरामद होने की खबर दी थी, लेकिन पुलिस अधिकारियों ने बाद में स्पष्ट किया कि संदिग्ध रसायन संभवतः अमोनियम नाइट्रेट था, न कि आरडीएक्स और राइफल एके-47 नहीं थी। यह जब्ती डॉ. आदिल अहमद राथर की गिरफ्तारी और पूछताछ के बाद हुई, जिसने पूछताछ के दौरान अहम जानकारियां दीं। विस्फोटकों को स्टोर करने में मदद करने के आरोप में पुलवामा के एक अन्य कश्मीरी डॉ. मुजामिल शकील को भी गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपियों को आगे की पूछताछ के लिए जम्मू-कश्मीर ले जाया गया है। पुलिस को प्रतिबंधित आतंकवादी संगठनों जैश-ए-मोहम्मद और गजवत-उल-हिंद से जुड़े होने का संदेह है। यह मामला आर्म्स एक्ट और यूएपीए (UAPA) के तहत दर्ज किया गया है। अधिकारियों ने इसे जम्मू-कश्मीर आतंकी नेटवर्क से जुड़ी हालिया सबसे बड़ी बरामदगियों में से एक बताया है।
असम में दूसरा निकाह करने पर होगी 7 साल तक की जेल, सरमा कैबिनेट ने ‘बहुविवाह निषेध विधेयक-2025’ को दी मंजूरी
असम कैबिनेट ने (9 नवंबर 2025) को ‘असम बहुविवाह निषेध विधेयक-2025’ को मंजूरी दे दी है। सीएम हिमंता बिस्वा सरमा ने बताया कि इस विधेयक के तहत राज्य में बहुविवाह (एक से अधिक शादी) को अपराध माना जाएगा और दोषी पाए जाने पर सात साल तक की कठोर कारावास की सजा होगी। यह गैर-जमानती अपराध होगा। उन्होंने आगे कहा कि ये विधेयक 25 नवंबर 2025 को विधानसभा में पेश किया जाएगा। सीएम सरमा ने यह भी घोषणा की है कि सरकार बहुविवाह से पीड़ित महिलाओं के लिए मुआवजे का कोष बनाएगी, ताकी उन्हें आर्थिक मदद दी जा सके। हालांकि, यह कानून छठी अनुसूची और जनजातीय क्षेत्रों पर लागू नहीं होगा। उन्होंने राज्य में जनसंख्या वृद्धि के बदलते रुझानों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि हर ब्लॉक में मुस्लिम जनसंख्या बढ़ रही है।
UP: पुलिस एनकाउंटर में कुख्यात गो तस्कर हसीन ढेर, ₹5000 के इनामी अपराधी पर दो दर्जन से अधिक केस थे दर्ज
उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले के कपूरपुर थाना क्षेत्र में पुलिस और ₹50 हजार के इनामी कुख्यात गो तस्कर हसीन के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस को सूचना मिली थी कि संभल निवासी हसीन कुछ बदमाशों के साथ गोकशी की तैयारी में था। घेराबंदी करने पर हसीन ने पुलिस पर फायरिंग की, जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से वो घायल हो गया और बाद में उसकी मौत हो गई। अपराधी हसीन एक हिस्ट्रीशीटर था जिस पर गोहत्या, गैंगस्टर एक्ट और हत्या के प्रयास समेत दो दर्जन से अधिक गंभीर केस दर्ज थे। पुलिस ने मौके से हथियार और वाहन बरामद किया है।
केरल: वंदे भारत एक्सप्रेस के उद्घाटन में स्कूल छात्रों के RSS गीत गाने पर विवाद, राज्य शिक्षा मंत्री ने दिए जांच के आदेश
केरल में एर्नाकुलम-बेंगलुरु वंदे भारत एक्सप्रेस के उद्घाटन के दौरान सरस्वती विद्यानिकेतन पब्लिक स्कूल के छात्रों द्वारा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) का गान गीत (एंथम) गाए जाने पर विवाद खड़ा हो गया है। राज्य के शिक्षा मंत्री ने इसे धर्मनिरपेक्ष मूल्यों का उल्लंघन बताते हुए जांच के आदेश दिए हैं, जबकि मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने इसे “संवैधानिक सिद्धांतों का उल्लंघन” करार दिया है। हालांकि, स्कूल के प्रिंसिपल डिनटो के.पी. ने स्पष्ट किया कि छात्रों ने यह गाना दक्षिणी रेलवे के निर्देश पर नहीं, बल्कि मलयालम देशभक्ति धुन के तौर पर स्वयं चुना था। उन्होंने आगे कहा कि अब बच्चों को ऑनलाइन दुर्व्यवहार का सामना करना पड़ रहा है और उन्हें “संघी बच्चे” का लेबल दिया जा रहा है। ऑनलाइन वीडियो हटाए जाने के बाद, स्कूल ने प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) को पत्र लिखकर स्पष्टीकरण मांगा था, जिसके बाद वीडियो को अंग्रेजी टेक्स्ट के साथ फिर से अपलोड किया गया।
UP: रईस खान ने ‘हनी’ बनकर हिंदू युवती को फंसाया, शादी का झांसा देकर 13 साल तक किया शोषण
उत्तर प्रदेश के कानपुर में रईस खान ने ‘हनी’ बनकर एक हिंदू युवती से दोस्ती की और शादी का झांसा देकर 13 साल तक यौन शोषण किया। पीड़िता ने बताया कि आरोपी से उसकी मुलाकात 2013 में हुई थी। जब युवती को उसकी असली पहचान पता चली, तो रईस ने अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी दी। 3 नवंबर को रईस ने युवती को घर पर बुलाकर अपने परिवार वालों से मिलवाया, लेकिन तीन दिन बाद किसी और लड़की से शादी कर ली। विरोध करने पर रईस ने अपने माता-पिता और बहन के साथ मिलकर युवती को पीटा। पुलिस ने रईस खान समेत चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
BBC के प्रमुख टिम डेवी और डेबोरा टर्नेस का इस्तीफा: ट्रंप के भाषण में हेरफेर और पक्षपात के आरोपों पर मचा बवाल
बीबीसी के महानिदेशक टिम डेवी और न्यूज प्रमुख कार्यकारी डेबोरा टर्नेस ने, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के 2021 कैपिटल भाषण में फेरबदल करके उन्हें फँसाने के आरोपों के बाद उठे विवाद के चलते, अपने पदों से इस्तीफा दे दिया है। ‘टेलीग्राफ’ द्वारा यह खुलासा किए जाने के बाद बीबीसी को गंभीर आलोचना का सामना करना पड़ा कि बीबीसी के ‘पैनोरमा’ कार्यक्रम ने ट्रम्प के शब्दों को इस तरह से संपादित किया था कि यह लगे कि उन्होंने दंगाईयों को भड़काया था। चैनल के एक लीक हुए मेमो में बीबीसी अरेबिक पर गाजा युद्ध के दौरान इजरायल विरोधी पक्षपात दिखाने का भी आरोप लगाया गया और दावा किया गया कि ट्रांसजेंडर मुद्दों पर कवरेज को दबाया गया था। डेवी ने कहा कि उनका इस्तीफा उनका व्यक्तिगत फैसला था, लेकिन उन्होंने जिम्मेदारी स्वीकार की। टर्नेस ने गलतियां मानने की बात कही लेकिन संस्थागत पक्षपात के दावों को खारिज कर दिया। BBC बोर्ड ने अपने संपादकीय मानकों की आंतरिक समीक्षा की घोषणा की है। ट्रंप ने BBC को “भ्रष्ट” बताया, वहीं व्हाइट हाउस ने “फर्जी खबरें” बताकर इनकी निंदा की।
UP: अयोध्या में इंदिमा खान ‘घर वापसी’ कर बनीं महक, रामलला को साक्षी मानकर हिंदू युवक से की शादी, प्रशासन से मांगी सुरक्षा
उत्तर प्रदेश के अयोध्या में मुस्लिम युवती इंदिमा खान ने हिंदू धर्म अपनाकर घर वापसी की और अभिषेक यादव से शादी कर अपना नाम महक यादव रखा। दोनों ने राम जानकी मंदिर में रामलला को साक्षी मानकर सात फेरे लिए। अभिषेक ने बताया कि युवती के परिवार द्वारा झूठी FIR दर्ज कराने के कारण उन्हें जेल भी जाना पड़ा था। महक ने कहा कि बालिग होने के नाते उन्होंने अपनी मर्जी से यह फैसला लिया है। दोनों ने इस खास दिन को अपनी आस्था का प्रतीक बताया और प्रशासन से सुरक्षा की मांग की है। बता दें कि यह दिन राम मंदिर पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले की 6ठी वर्षगांठ (9 नवंबर 2025) का अवसर था।
छत्तीसगढ़ के रायपुर में 240 परिवारों की ‘घर वापसी’, मां कौशल्या की धरा पर हुआ आध्यात्मिक आयोजन
छत्तीसगढ़ के रायपुर में (9 नवंबर 2025) मां कौशल्या की पावन धरा पर आयोजित ‘सड़क दीक्षा समस्या मार्गदर्शन समारोह’ के दौरान 240 परिवारों ने अपने मूल धर्म में ‘घर वापसी’ की। यह आयोजन जगद्गुरु नरेंद्राचार्य जी महाराज के सान्निध्य में संपन्न हुआ। ‘घर वापसी अभियान’ प्रमुख प्रबल प्रताप जूदेव ने सभी परिवारों के पैर पखारकर पारंपरिक रूप से उन्हें सनातन जीवन शैली अपनाने का संकल्प दिलाया। जूदेव ने कहा कि पूज्य पिता दिलीप सिंह जूदेव द्वारा शुरू किए गए इस अभियान को निरंतरता और सेवा-भाव के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।
मुंबई-कलकत्ता जा रही स्पाइसजेट की फ्लाइट में तकनीकी खराबी, इमरजेंसी लैंडिंग
मुंबई से कलकत्ता जा रही स्पाइसजेट की फ्लाइट संख्या SG670 को रविवार रात कलकत्ता एयरपोर्ट पर आपातकालीन लैंडिंग करवाई गई। अधिकारियों ने बताया कि उतरने से कुछ देर पहले पायलट को विमान के इंजन में असामान्य खराबी का पता चला, जिसके बाद तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल को सूचित किया गया। विमान में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं। स्पाइसजेट ने इस घटना के कारणों की आंतरिक जांच शुरू कर दी है।















