आज की बड़ी खबरें: सई जाधव बनीं IMA से पास होने वली पहली महिला अफसर, दिल्ली के जाफराबाद में डबल मर्डर का मामला

दिल्ली के जाफराबाद में डबल मर्डर का मामला, दो सगे भाइयों को गोलियों से भूनकर उतारा मौत के घाट
देश की राजधानी दिल्ली के उत्तर-पूर्वी, जाफराबाद इलाके से सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां दो सगे भाईयों पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर उनकी हत्या कर दी गई। एक भाई ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, वहीं दूसरे को हॉस्पीटल में डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही एफआईआर दर्ज करके हमलावरों को ढूंढने के लिए जांच शुरू कर दी। हमलावरों का सुराग तलाशने के लिए इलाके के आस-पास की CCTV फुटेज खंगाली जा रही है। बता दें कि मृतक भाइयों की पहचान फजील (31) और नदीम (33) पिता अब्दुल के रूप में हुई है।
पुलिस शुरुआती जांच आपसी रंजिश का मामला मानकर कर रही है। वहीं FIR में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) /3(5) और आर्म्स एक्ट की धारा 25/27 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच की जा रही है।
“वे भगवान को आराम भी नहीं करने देते”, SC ने की बांके बिहारी मंदिर में पैसे वालों के लिए स्पेशल पूजा की आलोचना
भारत के सर्वोच्च न्यायालय ने सोमवार को सुनवाई करते हुए बांके बिहारी मंदिर में बढ़ते वीआईपी कल्चर की आलोचना की। इसमें मंदिर के कुछ प्रशासक परंपराओं को तोड़कर अमीर और विशेषाधिकार लोगों के लिए भगवान के विश्राम करने के समय में बाधा डालकर स्पेशल पूजा करने देते हैं। एक याचिका पर सुनवाई करते हुए 3 न्यायाधीशों की पीठ की अध्यक्षता कर रहे सीजेआई जस्टिस सूर्यकांत ने इस VIP कल्चर पर चिंता व्यक्त की है।
CJI ने सूर्यकांत ने मंदिर प्रशासन को फटकार लगाते हुए कहा कि दोपहर 12 बजे मंदिर बंद होने बाद भी भगवान को एक मिनट के लिए आराम नहीं करने दिया जाता है। वे लोग इस समय भगवान का ही सबसे ज्यादा शोषण करते हैं। अमीर लोग जो ज्यादा पैसे दे सकते हैं, केवल उन्हें ही खास पूजा की इजाजत मिलती हैं। जस्टिस जॉयमाला बागची और विपुल पंचोली की पीठ ने प्राशसनिक समिति को नोटिस जारी कर याचिका की सुनवाई को जनवरी 2026 के पहले सप्ताह में करने की तारीख तय की है।
30 दिसंबर को होने वाली थी शादी, ग्वालियर में वकील ने की आत्महत्या, आखिरी पोस्ट में लिखा- प्यार में मौत है, मक्ति नहीं
मध्यप्रदेश के ग्वालियर में एक युवा वकील के आत्महत्या करने का मामला सामने आया है, जिसकी शादी 30 दिसंबर 2025 को होने वाली थी। परिवार का आरोप है कि वकील बेटे ने अपनी मंगेतर कांस्टेबल को अन्य व्यक्ति के साथ देख लिया था, जिसके बाद किसी बात से परेशान होकर यह भावनात्मक कदम उठाया। मृतक की पहचान मृत्युंजय चौहान के रूप में हुई। वो वकालत के साथ पीएचडी कर रहा था। सोमवार को वह अपने कमरे में फांसी से लटका पाया गया। इस घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया गया।
परिवार के मुताबिक, मृत्युंजय पिछले 5 सालों से मोरेना में तैनात एक महिला सब-इंस्पेक्टर के साथ रिलेशनशिप में था। दोनों जल्द ही साथ शादी भी करने वाले थे। मां ने बताया कि जब वो अपनी मंगेतर से मिलने के लिए गया तो मृत्युंजय ने मंगेतर को एक अन्य कांस्टेबल के साथ देखा। इसे लेकर दोनों के बीच बहस और हाथापाई भी हुई। आत्महत्या करने से पहले मृत्युंजय ने सोशल मीडिया पर आखिरी पोस्ट लगाकर लिखा “प्रेम में मौत है मुक्ति नहीं” था। इसके जबाव में मंगेतर ने ब्लेस लिखा था।
मृत्युंजय की मां ने गजराजा मेडिकल कॉलेज को अपने बेटे का शरीर दान कर दिया है। साथ ही पुलिस इस मामले की आत्महत्या के साथ अन्य पहलुओं से भी जांच कर रही है।
दिल्ली पुलिस की अंतर्राज्यीय स्तर पर बड़ी कार्रवाई, ₹50 करोड़ डिजिटल फ्रॉड मामले में 10 आरोपी हिरासत में
दिल्ली पुलिस ने डिजिटल फ्रॉड मामलों को लेकर अंतर्राज्यीय स्तर पर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। ये कार्रवाई 7 राज्यों में पूरी की गई, जिसमें पुलिस ने 50 करोड़ रुपये से अधिक के डिजिटल फ्रॉड और जबरन वसूली मामलों में शामिल 10 लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस के मुताबिक सभी आरोपियों पर अलग-अलग धाराओं में 60 से ज्यादा मामले दर्ज बताए जा रहे हैं। पुलिस अधिकारी के मुताबिक मास्टरमाइंड समेत 10 अलग-अलग लोगों को भिन्न राज्यों से पकड़ा है। ये सभी दिल्ली, पंजाब, महाराष्ट्र, केरल, ओडिशा और उत्तर प्रदेश से एक मल्टी स्टेट ऑपरेशन के दौरान गिरफ्तार हुए हैं।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार हुए सभी लोग जबरन वसूली और डिजिटल फ्रॉड गैंग का हिस्सा हैं। ये लोग पिछले काफी समय से ऑनलाइन प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल कर देशभर के लोगों को अपना निशाना बनाते थे। इस सिंडिकेट का नाम NCRB में दर्ज कम से कम 61 शिकायतों से जुड़ा था। पुलिस इनकी क्राइम कुंडली खंगाल रही है।
कोलकाता में मेसी के कार्यक्रम के दौरान हुए हंगामे बाद प्रेशर में सरकार, बंगाल के खेल मंत्री से लिया इस्तीफा
पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में लियोनल मेसी के इवेंट में फैली अव्यवस्था को लेकर लगातार सरकार को ट्रोल किया जा रहा था। इसके बाद अब ममता सरकार में खेल मंत्री अरूप बिस्वास ने खेल मंत्री के पद से इस्तीफा दे दिया है। खेल मंत्री ने सीएम को पत्र लिखकर इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम के दौरान हुई गड़बड़ियों की जांच चल रही है, इसी वजह से वो अपने पद से इस्तीफा दे रहे हैं। हालांकि इसकी अभी तक आधिकारिक तौर पर कोई पुष्टि नहीं हुई है।
बता दें कि कार्यक्रम के दौरान भारी अव्यवस्था देखने को मिली थी। इसमें आयोजन को लेकर कई गंभीर आरोप लगाए गए थे। फैंस का गुस्सा भी देखने को मिला था। फैंस का कहना था कि उन्होंने 10-15 हजार रुपये देकर टिकट खरीदी थी, मगर इसके बाद भी वो मेसी को देख तक नहीं पाए थे।
93 सालों के बाद इतिहास रचते हुए सई जाधव बनीं IMA से पास होने वली पहली महिला अफसर, मिल रही है वाहवाही
भारतीय सैन्य अकादमी (IMA), देहरादून ने पहली बार इतिहास रचते हुए 93 सालों के बाद पहली बार महिला अफसर बनने का गौरव प्राप्त किया। 23 साल की लेफ्टिनेंट सई जाधव ने नई पहचान बनाते हुए भारतीय सेना के इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों में अपना नाम दर्ज कराया है। बता दें कि IMA की स्थापना 1932 में की गई थी, जिसमें अबतक 67 हजार अफसर पास करके जा चुके हैं। इसमें अभी तक महिलाएं नहीं गई थीं, मगर इसे तोड़ते हुए लेफ्टिनेंट सई एक नई मिसाल बन गई हैं।
बता दें कि सई के पिता संदीप जाधव 164 इन्फैंट्री बटालियन – होम एंज हार्थ बटालियन नागालैंड में तैनात हैं। सई को भारतीय टेरिटोरियल आर्मी में लेफ्टिनेंट के पद के रूप में कमीशन मिला है। इस परिवार की 4 पीढ़ियां सेना में शामिल होकर देश की सेवा करती रही हैं।
चार साल की बच्ची को खेत में ले जाकर नाबालिग ने किया रेप, मिठाई का लालच देकर दिया कुकर्म को अंजाम
उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के तरयासुजान थाना क्षेत्र में एक गांव में रविवार देर शाम चार साल की मासूम बच्ची के साथ पड़ोसी गांव के किशोर ने दुष्कर्म किया। मिठाई का लालच देकर उसे गन्ने के खेत में ले जाकर वारदात को अंजाम दिया। गंभीर हालत में रोते-बिलखते घर पहुंची बच्ची से घटना का पता चला। परिजनों व ग्रामीणों ने गुस्से में आरोपी को पकड़कर पीटा और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को हिरासत में लिया। पीड़िता का पडरौना मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। सीओ ने जल्द जांच पूरी कर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया।














