Menu

आज की बड़ी खबरें: संचार साथी ऐप वैकल्पिक; राजस्थान में ISI जासूस गिरफ्तार

Editor Ritam HindiEditor Ritam Hindi02 Dec 2025, 05:23 pm IST
आज की बड़ी खबरें: संचार साथी ऐप वैकल्पिक; राजस्थान में ISI जासूस गिरफ्तार

बाढ़ग्रस्त देश श्रीलंका को एक्सपायर्ड राहत सामग्री भेजने के लिए पाकिस्तान की हुई आलोचना

बाढ़ प्रभावित श्रीलंका को पाकिस्तान द्वारा राहत सामग्री भेजी गई, जिस पर अक्टूबर 2024 की एक्सपायरी डेट दर्ज है। बता दें कि पाकिस्तानी उच्चायोग द्वारा शेयक की गई ये तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। जिसके बाद पातिस्तान की कड़ी आलोचना हो रही है और लोग ऑनलाइन खूब खरी खोटी सुना रहे हैं । पाकिस्तान के समर्थन को उजागर करने के लिए पोस्ट की गई इन तस्वीरों ने गुस्सा भड़का दिया, क्योंकि सोशल मीडिया यूजर्स ने पाकिस्तान पर गंभीर बाढ़ से जूझ रहे देश को एक्सपायर्ड सामान भेजने का आरोप लगाया। पाकिस्तानी सरकार ने अभी तक इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।

मणिपुर: सुरक्षाबलों ने नष्ट की 54 एकड़ भूमि में अवैध रूप से फैली अफीम की खेती

मणिपुर के कांगपोक्पी में सुरक्षाबलों ने (सोमवार) 54 एकड़ भूमि पर अवैध रूप से फैली अफीम की खेती को नष्ट कर दिया। यह कार्रवाई खोइरिपोक, सेहजांग और सी लामजांग जैसे पहाड़ी क्षेत्रों में की गई। खेती के साथ-साथ 5 झोपड़ियां, खाद, हर्बिसाइड्स और रसायन भी नष्ट किए गए। एक और ऑपकेशन में सुरक्षाबलों और वन विभाग के कर्मचारियों ने सी लामजांग और आसपास की पहाड़ी इलाकों में 36 एकड़ अफीम की खेती नष्ट की। साथ ही, 11 झोपड़ियां, 14 बैग खाद और 9 बैग कैश बरामद कर नष्ट किए। NCB (नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो) ने यह कार्रवाई की, जो पिछले सप्ताह भी 144 एकड़ अफीम की खेती को नष्ट कर चुकी है।

MP हाई कोर्ट ने हिंदुओं पर अभद्र WhatsApp मैसेज साझा करने वाले व्यक्ति के खिलाफ केस रद्द करने से किया इनकार

मध्य प्रदेश हाई कोर्ट ने एक व्यक्ति के खिलाफ दर्ज आपराधिक मामले को रद्द करने से इनकार कर दिया है, जिस पर एक WhatsApp मैसेज फॉरवर्ड करने का आरोप है। इस मैसेज में गोमांस के सेवन को हिंदू परंपराओं का हिस्सा बताया गया था और यह दावा किया गया था कि ब्राह्मण नियमित रूप से गोमांस खाते थे, जिन्हें कई हिंदुओं के लिए आपत्तिजनक बयान माना जाता है। कोर्ट ने टिप्पणी की है कि ऐसी सामग्री धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचा सकती है और संभावित रूप से सांप्रदायिक सद्भाव को बिगाड़ सकती है, इसलिए पूरी जांच आवश्यक है। कोर्ट ने कहा कि पुलिस के सबूतों की समीक्षा करने के बाद ही यह तय किया जा सकता है कि मैसेज अकादमिक था या उसने कानूनी सीमाओं को पार किया। चूंकि FIR में संज्ञेय अपराधों का उल्लेख है, इसलिए जांच को रोका नहीं जा सकता। आरोपी ने तर्क दिया कि उसने एक प्रकाशित पुस्तक का अंश साझा किया था, लेकिन कोर्ट ने उसकी याचिका खारिज कर दी और जांच जारी रखने की अनुमति दी।

राजस्थान: श्रीगंगानगर से ISI जासूस गिरफ्तार, सैन्य गतिविधियों की तस्वीरें-वीडियो भेजता था पाकिस्तान

राजस्थान CID इंटेलिजेंस ने श्रीगंगानगर से पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI के लिए जासूसी कर रहे प्रकाश सिंह उर्फ बादल (34) को गिरफ्तार किया है। यह जासूस सैन्य क्षेत्र के आस-पास घूमकर भारतीय सेना की मूवमेंट, ठिकानों और सीमा पर हो रहे निर्माण कार्यों की तस्वीरें-वीडियो पाकिस्तान भेज रहा था। IG प्रफुल्ल कुमार ने बताया कि वह वॉट्सऐप के जरिए ISI हैंडलर के संपर्क में था। सबसे खतरनाक बात यह है कि वह दूसरों के मोबाइल नंबर का OTP लेकर जासूसी के लिए वॉट्सऐप अकाउंट बनवाता था। ऑफिशियल सीक्रेट एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है और नेटवर्क की तलाश जारी है।

जापान सरकार का मुस्लिमों के लिए नए कब्रिस्तान हेतु जमीन देने से इनकार, भूमि की भारी कमी दिया का हवाला

जापान सरकार ने देश में जमीन की भारी कमी का हवाला देते हुए मुस्लिम समुदाय के लिए नए कब्रिस्तानों हेतु जमीन देने से इनकार कर दिया है। सरकार ने मुस्लिम समुदाय से शवों को उनके मूल देशों में भेजकर दफनाने का आग्रह किया है। इस फैसले से जापान में रह रहे लगभग 2 लाख मुस्लिमों की चिंता बढ़ गई है। जापान में 99% से अधिक अंतिम संस्कार दाह संस्कार (Cremation) के रूप में किए जाते हैं, जबकि इस्लाम में दफनाना अनिवार्य है। सरकार ने स्पष्ट किया है कि यह रुख धार्मिक अनुष्ठानों के विरुद्ध नहीं, बल्कि भौगोलिक विवशताओं के कारण लिया गया है।

राजस्थान में बड़ी आतंकी साजिश नाकाम, राजसमंद में विस्फोटक से लदी पिकअप वैन जब्त

राजस्थान पुलिस ने राजसमंद में एक बड़ी आतंकी साजिश को विफल करते हुए विस्फोटक से लदी एक पिकअप वैन जब्त की है। पुलिस ने श्रीनाथजी थाना क्षेत्र में वैन की तलाशी के दौरान यह खतरनाक विस्फोटक बरामद किया गया, जिसमें ब्लास्ट होने पर 10 किलोमीटर तक का क्षेत्र तबाह हो सकता था। बता दें कि यह विस्फोटक आमेद से नाथद्वारा ले जाया जा रहा था। पुलिस वैन ड्राइवर से गहन पूछताछ कर रही है, जिसमें कुछ अन्य लोगों के नाम सामने आए हैं, उनकी तलाश जारी है। TTP कनेक्शन के चलते पहले से ही अलर्ट पर चल रही राजस्थान पुलिस ने पूरे इलाके में हड़कंप के बीच सतर्कता बढ़ा दी है।

KIIFB मसाला बॉन्ड अनियमितताओं पर केरल के CM पिनाराई विजयन को ED का नोटिस

प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने केरल इंफ्रास्ट्रक्चर इन्वेस्टमेंट फंड बोर्ड (KIIFB) के मसाला बॉन्ड लेनदेन से जुड़ी मनी लॉन्ड्रिंग और वित्तीय उल्लंघनों के संबंध में केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। 12 नवंबर को भेजे गए यह नोटिस ₹468 करोड़ के लेनदेन से संबंधित है और नामित व्यक्तियों को व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने की आवश्यकता नहीं है। इसी तरह के नोटिस KIIFB, इसके सीईओ के.एम. अब्राहम, उपाध्यक्ष और पूर्व वित्त मंत्री टी.एम. थॉमस आइजैक, और बोर्ड अध्यक्ष के रूप में विजयन को भी भेजे गए थे। ED का कहना है कि KIIFB ने बाहरी वाणिज्यिक उधार (External Commercial Borrowing) मार्ग के तहत लंदन और सिंगापुर एक्सचेंज पर रुपया-मूल्यवर्गित बॉन्ड (Rupee-denominated bonds) के माध्यम से ₹2,672.80 करोड़ जुटाए थे। ये फंड केरल के विकास के लिए ₹50,000 करोड़ जुटाने की योजना के तहत प्रमुख बुनियादी ढांचा परियोजनाओं के लिए थे। हालांकि, ED का दावा है कि ₹466.91 करोड़ का उपयोग भूमि अधिग्रहण के लिए किया गया था, जो FEMA और RBI के नियमों का उल्लंघन है। आरोपों में धन का डायवर्जन (fund diversion) और विदेशी मुद्रा अनियमितताएं भी शामिल हैं। पूर्व मंत्री आइजैक, जिन्हें पहले इस मामले में तलब किया गया था, केरल उच्च न्यायालय में ED की कार्रवाई को चुनौती दे चुके हैं।

IFFI 2025 में ‘कांतारा’ की अभद्र मिमिक्री करने पर हुए विवाद के बाद एक्टर रणवीर सिंह ने मांगी माफी

गोवा में इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया (IFFI) 2025 के समापन समारोह के दौरान एक्टर रणवीर सिंह द्वारा फिल्म कांतारा की मिमिक्री करने पर आलोचना झेलने के बाद सार्वजनिक रूप से माफी मांगी है। कई दर्शकों ने रणवीर सिंह की मिमिक्री को सांस्कृतिक रूप से असंवेदनशील माना। एक्टर ने इंस्टाग्राम पर एक स्पष्टीकरण पोस्ट किया, जिसमें कहा गया कि उनका इरादा केवल शेट्टी के शक्तिशाली अभिनय की प्रशंसा करना था और वह सभी भारतीय संस्कृतियों और मान्यताओं का गहरा सम्मान करते हैं। उन्होंने आगे कहा कि अगर उनके कृत्य से किसी की भावनाएं आहत हुई हैं तो उन्हें इसका खेद है। ऑनलाइन विवाद तब और बढ़ गया जब फुटेज में यह सुझाव दिया गया कि शेट्टी ने सिंह को उस दृश्य की नकल न करने का इशारा किया था। हालांकि कुछ लोगों ने रणवीर सिंह की माफी को स्वीकार कर लिया, लेकिन अन्य ने निराशा व्यक्त करना जारी रखा। ऋषभ शेट्टी ने इस घटना पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।

चक्रवात दितवाह के बाद PM मोदी ने श्रीलंका को दिया पूर्ण समर्थन का आश्वासन; ऑपरेशन सागर बंधु जारी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके से बात की और चक्रवात दितवाह (Ditwah) के विनाशकारी प्रभावों का सामना कर रहे श्रीलंका को भारत के मजबूत समर्थन का आश्वासन दिया। पीएम मोदी ने जानमाल के नुकसान और व्यापक तबाही पर गहरी संवेदना व्यक्त की और आश्वासन दिया कि भारत अपना बचाव, राहत और पुनर्वास समर्थन जारी रखेगा। श्रीलंका ने ऑपरेशन सागर बंधु के तहत भारत की त्वरित मदद के लिए धन्यवाद दिया, जिसके तहत 53 टन से अधिक राहत सामग्री भेजी गई है, NDRF की टीमें तैनात की गई हैं और 120 से अधिक लोगों को बचाया गया है। भारत ने लगभग 1,500 नागरिकों को भी निकाला है। दोनों नेताओं ने आश्वासन दिया कि वे बहाली के प्रयासों में निकट संपर्क में रहेंगे।

₹331 करोड़ के मनी-लॉन्ड्रिंग नेटवर्क में गुजरात कांग्रेस नेता का नाम आया सामने; Rapido ड्राइवर के अकाउंट का भी हुआ इस्तेमाल, ED का खुलासा

प्रवर्तन निदेशालय (ED) की एक बड़ी मनी-लॉन्ड्रिंग मामले की जांच में गुजरात यूथ कांग्रेस नेता आदित्य जुला का नाम संदिग्ध वित्तीय गतिविधियों से जुड़े होने का खुलासा हुआ है। ED ने पहले एक Rapido ड्राइवर के बैंक खाते से ₹331 करोड़ के बड़े लेनदेन का पता लगाया था, जिसका दुरुपयोग उसकी जानकारी के बिना किया गया था। ED का कहना है कि यह खाता एक “म्यूल अकाउंट” के रूप में काम कर रहा था, जिसमें 1XBET नेटवर्क समेत अवैध सट्टेबाजी से जुड़ी बड़ी रकम तेजी से प्राप्त की जा रही थी और तुरंत ट्रांसफर की जा रही थी। अधिकारियों के अनुसार, आदित्य जुला ने जाली हस्ताक्षरों का उपयोग करके नवंबर 2024 में ताज रिजॉर्ट के लिए एक शादी के कार्यक्रम का कॉन्ट्रैक्ट हासिल किया। उसने रिजॉर्ट बुकिंग को समायोजित करने के लिए अपने ट्रैवल एजेंट को ₹18 लाख नकद और 17 पैन नंबर भी दिए थे। ED का मानना है कि लॉन्डर किए गए पैसे से ही इस इवेंट को फंड किया गया था। बीजेपी नेता अमित मालवीय ने भी राहुल गांधी के साथ जुला की एक तस्वीर ऑनलाइन पोस्ट करते हुए संबंधित आरोप साझा किए हैं। ED अवैध लेनदेन के स्रोत का पता लगाने में जुटी हुई है।

UP: 25 हजार रुपये का इनामी शार्प शूटर पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, बुजुर्ग की हत्या समेत कई मामलों में था वांछित

मथुरा SOG और बलदेव पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 25 हजार रुपये के इनामी शार्प शूटर पवन उर्फ यशवीर को गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ के दौरान पवन के पैर में गोली लगी, जिसके बाद वह घायल हो गया। आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।आरोपी पर एक बुजुर्ग की नृशंस हत्या सहित कई गंभीर केस दर्ज हैं। पुलिस ने उसके कब्जे से बिना नंबर प्लेट की पिकअप गाड़ी और भारी मात्रा में असलाह-कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस उसके अन्य आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है।

मदुरै हाई कोर्ट ने तिरुप्परनकुंद्रम चोटी पर ऐतिहासिक कार्तिकेय दीपम प्रज्वलन को बहाल किया

मद्रास उच्च न्यायालय की मदुरै पीठ ने 3 दिसंबर को तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी की चोटी पर स्थित मूल शिखर-दीप स्तंभ पर कार्तिकेय दीपम प्रज्वलित करने की अनुमति दे दी है, जिससे द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान ब्रिटिश सुरक्षा प्रतिबंधों के कारण रोकी गई एक परंपरा बहाल हो गई है। यह निर्णय हिंदू मक्कल कच्छी के सदस्यों, रमा रविकुमार और सोलाईकन्नन द्वारा दायर याचिकाओं के बाद आया, जिन्होंने आगम शास्त्र सिद्धांतों और सदियों पुरानी रीति-रिवाजों का हवाला देते हुए इस अनुष्ठान को उसके ऐतिहासिक स्थान पर पुनर्जीवित करने की मांग की थी। दशकों से, दीपम को मंदिर के पास एक निचले स्तंभ पर प्रज्वलित किया जाता था, जो पहाड़ी की चोटी पर स्थित पारंपरिक “दीपा थून” (Deepa Thoon) से अलग था। याचिकाकर्ताओं ने तर्क दिया कि शिखर का स्थान अधिक दृश्यता प्रदान करता है, 1862 और 1912 के ऐतिहासिक आदेशों के अनुरूप है और पास की दरगाह से 15 मीटर से अधिक की दूरी पर होने के कारण कोई सांप्रदायिक जोखिम पैदा नहीं करता है। विस्तृत साइट निरीक्षण और सभी पक्षों की सुनवाई के बाद, उच्च न्यायालय ने फैसला सुनाया कि शिखर पर दीपम जलाने में कोई कानूनी बाधा नहीं है। यह आदेश तमिलनाडु के सबसे पुराने मुरुगन मंदिरों में से एक में इस पूजनीय अनुष्ठान को बहाल करता है, जिससे पहाड़ी की चोटी पर चली आ रही इस परंपरा पर दशकों पुरानी बहस समाप्त हो गई है।

ज्ञानवापी मुसलमानों को सौंप देना चाहिए, हिंदू अन्य स्थलों पर दावे छोड़ें: पूर्व ASI अधिकारी केके मोहम्मद

भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) के पूर्व क्षेत्रीय निदेशक केके मोहम्मद ने चल रहे मंदिर-मस्जिद विवादों में संयम बरतने का आह्वान करते हुए जोर दिया कि केवल तीन स्थल (राम जन्मभूमि, मथुरा और ज्ञानवापी) ही चर्चा का केंद्र होने चाहिए। इंडिया टुडे से बात करते हुए मोहम्मद ने कहा कि ये स्थल हिंदुओं के लिए अत्यधिक महत्व रखते हैं, जिनकी तुलना मुसलमानों के लिए मक्का और मदीना से की जा सकती है। मोहम्मद ने सुझाव दिया कि मुसलमानों को स्वेच्छा से ये तीन स्थल हिंदुओं को सौंप देने चाहिए, जबकि हिंदुओं से आग्रह किया कि वे अतिरिक्त दावे करने से बचें। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगों का विस्तार करने से संघर्ष हो सकता है। मोहम्मद ने अयोध्या विवाद पर कहा कि बीबी लाल के नेतृत्व में 1976 में हुए बाबरी मस्जिद उत्खनन में अपनी भागीदारी को याद किया। पूर्व ASI ने एक कम्युनिस्ट इतिहासकार की भूमिका की आलोचना की जिसने मुस्लिम समुदाय को मस्जिद के नीचे मंदिर के साक्ष्य को स्वीकार करने के खिलाफ प्रभावित किया था। मोहम्मद ने ताजमहल की उत्पत्ति के संबंध में कुछ समूहों के दावों को भी झूठा बताकर खारिज कर दिया। पूर्व ASI ने यह भी आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार के पिछले 11 वर्षों के दौरान विरासत स्थलों की अपर्याप्त सुरक्षा की गई है।

PM मोदी ने खालिदा जिया के लिए भेजीं शुभकामनाएं, बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी ने जताया आभार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए एक संदेश भेजा है। बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) ने मंगलवार को उनकी सद्भावना और संभावित सहायता की पेशकश के लिए आधिकारिक तौर पर अपना आभार व्यक्त किया। गंभीर रूप से बीमार खालिदा, ढाका के एवरकेयर अस्पताल में इलाज करा रही हैं; हृदय, फेफड़े, लिवर और किडनी से संबंधित जटिलताओं के कारण उन्हें हाई डिपेंडेंसी यूनिट (HDU) में रखा गया है। हालांकि, डॉक्टरों ने बताया है कि उनकी हालत में कोई खास सुधार नहीं हुआ है। विदेशी विशेषज्ञों के अलावा, चीन की एक मेडिकल टीम भी ढाका पहुंची है।

धोखाधड़ी से बचाने के लिए अब नए मोबाइल फोन में होगा संचार साथी ऐप, सरकार ने कहा अनिवार्य नहीं, विवाद को बताया निराधार

दूरसंचार विभाग (DoT) ने घोषणा की है कि भारत में उपयोग के लिए निर्मित या आयात किए गए प्रत्येक मोबाइल फोन पर अब संचार साथी ऐप (Sanchar Saathi app) को प्री-इंस्टॉल करना होगा। कंपनियों को इस आदेश को लागू करने के लिए 90 दिन और अनुपालन रिपोर्ट जमा करने के लिए 120 दिन का समय दिया गया है। जो डिवाइस पहले से रिटेल स्टोर में हैं, उन्हें सॉफ्टवेयर अपडेट के माध्यम से यह ऐप प्रदान करना होगा। इस कदम का उद्देश्य बढ़ते दूरसंचार धोखाधड़ी पर अंकुश लगाना, नकली उपकरणों की बिक्री को रोकना और IMEI जांच के माध्यम से उपयोगकर्ताओं को फोन की प्रामाणिकता सत्यापित करने में मदद करना है। साथ ही, चोरी हुए या ब्लैकलिस्ट किए गए फोन के सेकंड-हैंड बाजार में दोबारा न बेचा जा सके। सरकार ने स्पष्ट रूप से रहा है कि उपयोगकर्ताओं की निजिता को प्राथिमकता देते हुए यह ऐप वैकल्पिक है और इसे डिलीट किया जा सकता है। यानी ये ऐप यूजर्स के लिए अनिवार्य नहीं है। विपक्ष के हंगामे का जवाब देते हुए ज्योतिरादित्य संध्या ने इसे निराधार बताया है।

UIDAI का नया आधार ऐप इसी महीने होगा लॉन्च, अब घर बैठे मिलेंगी मोबाइल नंबर अपडेट, बायोमेट्रिक लॉक-अनलॉक जैसी कई सुविधाएं

भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) इसी महीने अपना नया आधार ऐप लॉन्च करने जा रहा है। इस ऐप के जरिए अब घर बैठे ही नागरिक अपनी बायोमेट्रिक लॉक- अनलॉक और मोबाइल नंबर अपडेट कर सकेंगे। लेकिन परिवार के अधिकतम 5 सदस्यों का आधार विवरण जोड़ने की सुविधा मिलेगी। यानी अब आधार केंद्रों के बाहर कतार में खड़े होने की आवश्यकता खत्म हो जाएगी। UIDAI के सीईओ भुवनेश कुमार के अनुसार, ऐप की टेस्टिंग की जा रही है और 18 लाख से अधिक लोग इसे डाउनलोड कर फीडबैक दे चुके हैं। इससे एप को उन्नत और बेहतर बनाने में मदद मिल रही है।

केरल में आवारा कुत्ते ने दो बुजुर्ग महिलाओं पर किया हमला; चेहरे पर आईं गहरी चोटें, लोगों में डर का माहौल

केरल के तिरुवनंतपुरम में (सोमवार) को एक आवारा कुत्ते ने दो बुजुर्ग महिलाओं पर जानलेवा हमला कर दिया। दोनों के चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। कनियापुरम में 70 वर्षीय मसूदा और मैवली में 80 वर्षीय शारदाम्मा को कुत्तों ने निशाना बनाया। मसूदा, मस्तानमुक्कू इलाके में जब अपने घर के बाहर टहल रहीं थीं। तभी कुत्ते ने उनपर हमला कर दिया। वहीं शारदाम्मा पर उनके घर के पास उसी कुत्ते ने हमला किया। पड़ोसियों ने उन्हें छुड़ाया और प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें तिरुवनंतपुरम मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनकी हालत स्थिर है। स्थानीय निवासियों के अनुसार बुजुर्गों को निशाना बनाने वाले आवारा कुत्तों के हमले अब आम हो गए हैं, जिसके कारण लोगों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

राजस्थान: कोटा के महादेव मंदिर में शिव परिवार की मूर्तियां खंडित, पोशाकें भी जली हुई मिली; आरोपी की तलाश जारी

राजस्थान के कोटा के गुमानपुरा थाना क्षेत्र स्थित पिपलेश्वर महादेव मंदिर में (रविवार) शिव परिवार की मूर्तियां खंडित मिलीं और भगवान को पोशाकें जली हुई पाई गई। इस घटना से आक्रोशित बजरंग दल समेत हिंदू संगठनों ने सड़क जाम कर हनुमान चालीसा का पाठ करते हुए विरोध जताया और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की। विधायक संदीप शर्मा और एएसपी दिलीप सैनी ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली। बता दें कि यह पूरी घटना CCTV में कैद हो गई, जिसमें एक संदिग्ध युवक नजर आ रहा है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश कर रही है। पुलिस ने कहा कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस के 48 घंटे में गिरफ्तारी के आश्वासन के बाद संगठनों ने धरना समाप्त किया। मंदिर के पुजारी के अनुसार, रविवार सुबह 6 बजे जब वे आए तो शिव परिवार की मूर्तियां टूटी हुई मिलीं। साथ ही, भगवान को पहनाई हुई पोशाकें भी जली हुई थीं।

SIR गतिरोध हुआ खत्म: सरकार-विपक्ष के बीच बनी सहमति, संसद में अगले सप्ताह चुनावी सुधारों पर होगी चर्चा

12 राज्यों में मतदाता सूचियों के विशेष सघन पुनरीक्षण (SIR) अभियान को लेकर संसद में विपक्ष का लगातार विरोध प्रदर्शन जारी रहने के बीच, नरेंद्र मोदी सरकार ने संकेत दिया है कि वह चुनावी सुधारों पर व्यापक चर्चा करने के लिए तैयार है, जो केवल एसआईआर अभ्यास तक सीमित नहीं होगी। इंडिया टुडे टीवी द्वारा सरकारी सूत्रों के अनुसार, केंद्र शीतकालीन सत्र के दौरान 10 दिसंबर को इस मुद्दे पर चर्चा करने के लिए तैयार है। हालांकि, सरकार ने अनुरोध किया है कि सदन पहले वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ पर चर्चा करे, जिसे 7 नवंबर को चिह्नित किया गया था। अधिकारियों ने कहा कि चुनावी परिवर्तनों पर किसी भी बहस से पहले इस विषय को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

UP: सवा लाख का इनामी बावरिया गिरोह का सरगना मिथुन मुठभेड़ में ढेर, हत्या-लूट समेत 20 से ज्यादा केस थे दर्ज

उत्तर प्रदेश के शामली में (सोमवार देर रात) वेदखेड़ी-मंसूरा मार्ग पर पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में बावरिया गिरोह का सरगना और सवा लाख रुपये का इनामी अपराधी मिथुन मारा गया। उसका साथी राहुल अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला। बता दें कि मिथुन पर शामली से एक लाख और बागपत पुलिस की तरफ से 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। फायरिंग में एसओजी के हेड कांस्टेबल हरविंदर घायल हो गए, जबकि थाना प्रभारी वीरेंद्र कसाना बाल-बाल बचे। एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि अपराधी पर हत्या और लूट सहित 20 से ज्यादा मुकदमे दर्ज थे। मौके से एक कार्बाइन और मेड इन इटली पिस्टल बरामद हुई है। अपराधी साल 2017 में झिंझाना में हुए भारत कुमार हत्याकांड में भी शामिल था। उस पर मारपीट का भा केस दर्ज है। वहीं कई राज्यों दिल्ली, पंजाब, वेस्ट यूपी, तमिलनाडु अपराध करता था और उसका मकसद कई प्रदेशों में अपना खौफ फैलाना था।

कुवैत से हैदराबाद आ रही इंडिगो फ्लाइट में ‘मानव बम’ की धमकी, मुंबई एयरपोर्ट पर कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग, जांच जारी

कुवैत से हैदराबाद आ रहे इंडिगो एयरलाइंस के एक विमान को (मंगलवार) बम की धमकी मिलने के बाद मुंबई एयरपोर्ट पर आपातकालीन लैंडिंग कराई गई। बता दें कि हैदराबाद एयरपोर्ट को ईमेल के जरिए फ्लाइट में ‘मानव बम’ होने की धमकी मिली थी। जिसके बाद उसका रुट डॉयवर्ट कर मुंबई एयरपोर्ट पर उतारा गया। इसके बाद प्लेन को सुरक्षित रूप से आइसोलेशन एरिया में ले जाया गया है और सभी यात्रियों को उतारकर सुरक्षा एजेंसियां जांच कर रही हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, फिलहाल फ्लाइट में कोई बम बरामद होने की सूचना नहीं मिली है।

Related News