Menu

बड़ी खबरें: ‘ऑर्डर ऑफ ओमान’ से नवाजे गए PM Modi, कारवार नेवल बेस के पास ‘चाइनीज GPS’ लगा समुद्री पक्षी मिलने से अलर्ट

Editor Ritam HindiEditor Ritam Hindi18 Dec 2025, 05:12 pm IST
बड़ी खबरें: ‘ऑर्डर ऑफ ओमान’ से नवाजे गए PM Modi, कारवार नेवल बेस के पास ‘चाइनीज GPS’ लगा समुद्री पक्षी मिलने से अलर्ट

PM मोदी को मिला ओमान का सर्वोच्च नागरिक सम्मान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इथियोपिया के बाद अब ओमान के भी सर्वोच्च नागरिक सम्मान से नवाजा गया है। सुल्तान हैथम बिन तारिक अल सईद ने पीएम मोदी को ऑर्डर ऑफ ओमान से सम्मानित किया है।

बंगाल की खाड़ी में तटरक्षक बल के जहाज ‘अनमोल’ ने अवैध रूप से घुसे 35 बांग्लादेशी किए गिरफ्तार

भारतीय कोस्ट गार्ड (ICG) के जहाज ‘अनमोल’ ने भारतीय जलक्षेत्र (EEZ) में अवैध रूप से घुसीं 2 बांग्लादेशी नावें पकड़ीं। 35 घुसपैठिए हिरासत में; 500 किलो मछली और अवैध जाल जब्त। ‘मैरीटाइम जोन्स एक्ट,1981’ के उल्लंघन पर हुई, घुसपैठियों को फ्रेजरगंज पुलिस को सौंपा गया। समुद्री सीमाओं पर सुरक्षा और गश्त और सख्त की गई।

नेहरू-गांधी परिवार के नाम पर देश की कई योजनाएं-संस्थान: सदन में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस को घेरा

सदन में MNREGA पर चर्चा के दौरान केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने देश की अधिकांश योजनाओं और संस्थानों का नाम केवल नेहरू-गांधी परिवार पर रखने के लिए कांग्रेस को घेरा। कांग्रेस शासन के दौरान विभिन्न योजनाओं और संस्थानों के नाम नेहरू-गांधी परिवार पर रखने के आंकड़ों का विश्लेषण कुछ इस प्रकार है: -52 योजनाएं: 25 राजीव गांधी और 27 इंदिरा गांधी के नाम पर। -कुल 98 संस्थान: 55 राजीव गांधी, 21 इंदिरा गांधी और 22 नेहरू के नाम पर रखे गए। -29 खेल ट्रॉफियां: 23 राजीव गांधी, 4 इंदिरा गांधी और 2 नेहरू के नाम समर्पित हैं। -नेहरू परिवार के नाम पर 74 संस्थान, 51 पुरस्कार, 39 चिकित्सा संस्थान और अस्पताल नेहरू परिवार के नाम पर हैं। -15 राष्ट्रीय उद्यान (नेशनल पार्क), 15 छात्रवृत्तियां और 5 हवाई अड्डे/पोर्ट राजीव गांधी के नाम पर हैं।

बांग्लादेश: राजशाही में भारतीय मिशन का घेराव; MEA द्वारा सुरक्षा चिंता जताने के एक दिन बाद बढ़ा तनाव

राजशाही में एक इस्लामी भीड़ ने भारतीय सहायक उच्चायोग की ओर मार्च किया, जिसे बांग्लादेशी अधिकारियों ने बीच में ही रोक दिया। बढ़ते तनाव के बीच सुरक्षा बलों ने सहायक उच्चायोग के पास की सड़कों को पूरी तरह सील कर दिया है। यह घटना भारत के विदेश मंत्रालय (MEA) द्वारा बांग्लादेशी दूत को तलब करने के ठीक एक दिन बाद हुई है, जिसमें ढाका में भारतीय दूतावास की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएं जताई गई थीं।

NEET छात्र दीपक हत्याकांड: मुठभेड़ के बाद कुख्यात तस्कर झींक निषाद गिरफ्तार

नीट छात्र दीपक की हत्या मामले में STF द्वारा वांछित झींक निषाद को गिरफ्तार कर लिया गया है। निषाद एक कुख्यात पशु और ड्रग तस्कर है। आरोपी को मादक पदार्थों की तस्करी के दौरान हुई एक मुठभेड़ के बाद पकड़ा गया। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में 15–16 सितंबर को पशु तस्करों ने दीपक की बेरहमी से हत्या कर दी थी। आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत FIR दर्ज की गई है। मामले में आरोप पत्र पहले ही दाखिल किया जा चुका है।

UP: फर्रुखाबाद में शीबा अंसारी ने अपनाया सनातन धर्म, हिंदू युवक से शादी कर बनीं सृष्टि

उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद में शीबा अंसारी ने स्वेच्छा से हिंदू धर्म अपनाया और अब उनका नया नाम सृष्टि श्रीवास्तव है। मुस्लिम पति से तलाक के बाद, उन्होंने शिव मंदिर में गौतम श्रीवास्तव के साथ हिंदू रीति-रिवाजों से विवाह किया। सृष्टि के 3 वर्षीय बेटे का नाम कार्तिक रखा गया है।

राजस्थान: डूंगरपुर में जावेद और उसके परिवार से तंग आकर नाबालिग हिंदू लड़की ने खाया जहर, इलाज के दैरान हुई मौत

राजस्थान के डूंगरपुर में 16 वर्षीय हिंदू लड़की आयुषी की मौत के बाद भारी तनाव फैल गया है। आरोप है कि जावेद, उसकी पत्नी और उसके परिवार द्वारा की गई छेड़खानी से तंग आकर पीड़िता ने जान दी। 14 दिसंबर को जब आयुषी फॉर्म भरने जा रही थी, तब जावेद और उसके परिवार ने पर पीड़िता का पीछा कर छेड़खानी और मारपीट की। इस अपमान से आहत होकर आयुषी ने 16 दिसंबर को जहर खा लिया और 17 दिसंबर को इलाज के दौरान अस्पताल में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मुख्य आरोपी जावेद, उसकी पत्नी और परिवार के 5 अन्य सदस्यों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। घटना के विरोध में स्थानीय लोगों ने प्रदर्शन किया।

दिल्ली में प्रदूषण पर सख्त पहरा: बिना PUC वाहनों को नहीं मिलेगा ईंधन

दिल्ली-NCR में छाए घने कोहरे और गंभीर वायु प्रदूषण के बीच प्रशासन ने 18 दिसंबर से कड़े नियम लागू कर दिए हैं: दिल्ली के पेट्रोल पंपों पर बिना वैध PUC (प्रदूषण नियंत्रण) सर्टिफिकेट वाले वाहनों को ईंधन नहीं मिलेगा। इस नियम को ANPR कैमरों, वॉयस अलर्ट और दिल्ली पुलिस की मदद से सख्ती से लागू किया जा रहा है। BS-VI मानक से नीचे के गैर-दिल्ली निजी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। निर्माण सामग्री ले जाने वाले वाहनों पर पूर्ण प्रतिबंध है, हालांकि CNG, इलेक्ट्रिक वाहनों और आवश्यक सेवाओं को छूट दी गई है। दिल्ली की सीमाओं और प्रमुख चौराहों सहित 126 चेकप्वाइंट्स पर 580 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। परिवहन विभाग की टीमें पेट्रोल पंपों और दिल्ली के बॉर्डरों पर हर वाहन की निगरानी कर रही हैं।

कर्नाटक के कारवार नेवल बेस के पास मिला ‘चाइनीज GPS’ लगा समुद्री पक्षी

INS कदंब नेवल बेस के पास एक सीगल (समुद्री पक्षी) मिला है, जिसकी पीठ पर चाइनीज GPS ट्रैकर और सौर पैनल लगा हुआ है। संवेदनशील सैन्य क्षेत्र के करीब संदिग्ध उपकरण मिलने से सुरक्षा एजेंसियों और वन विभाग में अलर्ट है; जासूसी या वैज्ञानिक शोध दोनों पहलुओं पर जांच जारी। उपकरण में एक इलेक्ट्रॉनिक यूनिट और छोटा सौर पैनल लगा था। पुलिस को ट्रैकर से जुड़ा ‘चाइनीज विज्ञान अकादमी’ का ई-मेल मिला है, साथ ही एक संदेश में पक्षी को ढूंढने वाले व्यक्ति को इस ई-मेल पर संपर्क करने की बात कही है। हालांकि, जासूसी के ठोस सबूत नहीं मिले हैं। पुलिस अधीक्षक के अनुसार, तकनीकी विश्लेषण के बाद ही कुछ स्पष्ट होगा।

MP: भोपाल में हिन्दू संगठनों ने मांस के पैकेटों से भरा ट्रक पकड़ा, एक आरोपी गिरफ्तार

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में पुलिस मुख्यालय (PHQ) के सामने (बुधवार देर रात) हिंदू उत्सव समिति के कार्यकर्ताओं ने मांस के पैकेटों से लदा एक संदिग्ध ट्रक पकड़ा। सूचना पर पहुंची जहांगीराबाद पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया है और मांस के सैंपल जांच के लिए पशु चिकित्सालय भेजे हैं। वहीं एक आरोपी फरार हो गया। संगठन का आरोप है कि अवैध स्लॉटर हाउस से गौमांस को पैकेट में बंद कर हैदराबाद और मुंबई के रास्ते विदेश तस्करी किया जा रहा था। हंगामे के दौरान गुस्साई भीड़ ने ट्रक में तोड़फोड़ कर नारेबाजी की। हिंदू उत्सव समिति के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी ने मामले के मास्टरमाइंड पर रासुका (NSA) लगाने की मांग की है।

असम: 7 बांग्लादेशी घुसपैठियों को भेजा सीमा पार; सीएम सरमा का तंज- ‘अब अपने ही देश में करें नाश्ता’

असम के कछार जिले में पुलिस ने 7 बांग्लादेशी घुसपैठियों (3 महिलाएं, 3 बच्चे और 1 पुरुष) को पकड़कर वापस सीमा पार भेज दिया है। मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने इस कार्रवाई की पुष्टि करते हुए घुसपैठियों पर तीखा तंज कसा। उन्होंने कहा कि इन्हें कड़ा सबक मिला है और अब इन्हें नाश्ता अपने ही देश में करना पड़ा। सीएम ने स्पष्ट संदेश दिया कि राज्य में अवैध घुसपैठ के खिलाफ नियम बेहद सख्त हैं और ऐसी कड़ी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

यूपी: हमीरपुर में नाबालिग हिंदू लड़की का अपहरण और जबरन धर्मांतरण, मौलाना असलम गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले से अपहरण और जबरन धर्मांतरण का एक गंभीर मामला सामने आया है। यहां मौलाना असलम पर एक 17 वर्षीय हिंदू लड़की को उसके घर से अगवा करने और उसे परिवार की सहमति के बिना ले जाने का आरोप है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, मौलाना नाबालिग को एक मस्जिद में ले गया और उसकी इच्छा के विरुद्ध उस पर धर्म परिवर्तन के लिए भारी दबाव डाला। लड़की के परिवार ने कड़ी मशक्कत के बाद उसकी लोकेशन का पता लगाया और उसे सुरक्षित बचा लिया। परिजनों की औपचारिक शिकायत के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 17 दिसंबर को मौलाना असलम को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।

नोएडा: कलावा और पार्टी का गमछा पहनकर ₹2 करोड़ की मोबाइल चोरी करने वाला गिरोह का भंडाफोड़, फिरोज-फरदीन समेत 7 गिरफ्तार

नोएडा पुलिस ने बुधवार को फेज-1 और सेक्टर 113 क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए मोबाइल चोरी के एक बड़े सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है। फेज-1 पुलिस ने दिल्ली के रहने वाले फिरोज (27), फरदीन (41), सलीम (38) और दानिश (35) को गिरफ्तार किया, जो पूरे एनसीआर (NCR) में सक्रिय थे। ये आरोपी राजनीतिक रैलियों और धार्मिक समारोहों में लोगों का भरोसा जीतने के लिए हाथों में कलावा और गले में राजनीतिक पार्टी का गमछा पहनकर घूमते थे ताकि किसी को शक न हो। पुलिस ने इनके पास से करीब ₹2 करोड़ मूल्य के 60 मोबाइल फोन, 28 टैबलेट और 265 मोबाइलों के पुर्जे बरामद किए हैं। गिरोह का सदस्य दानिश अपनी दुकान के जरिए चोरी के इन उपकरणों को ठिकाने लगाता था। इसके अलावा, सेक्टर 113 में लूट के एक अन्य मामले में भी तीन और गिरफ्तारियां की गई हैं।

मेरठ: शताब्दी नगर में ‘पलायन’ के पोस्टर; अपहरण का झूठा केस में युवक की गिरफ्तारी पर भड़का आक्रोश

उत्तर प्रदेश के मेरठ स्थित शताब्दी नगर सेक्टर-5 में उस समय सांप्रदायिक तनाव बढ़ गया, जब एक मुस्लिम व्यक्ति ने स्थानीय युवक वीर के खिलाफ अपहरण का फर्जी मामला दर्ज कराया। वीर अपनी मां रीना के साथ रहता है, जो एक फैक्ट्री में काम कर अपने चार बच्चों का पालन-पोषण करती हैं। घटनाक्रम के अनुसार, वीर की दोस्ती उसी मोहल्ले की एक मुस्लिम लड़की से थी। सोमवार रात लड़की वीर के घर आई थी, जिसके बाद उसके परिजनों ने वहां पहुंचकर जबरन ले जाने की कोशिश की और मारपीट हुई। अगले दिन लड़की के पिता ने वीर के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज करा दिया, जिसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। पुलिस की इस कार्रवाई के विरोध में क्षेत्र के लगभग 40 हिंदू परिवारों ने अपने घरों पर “पलायन” के पोस्टर चस्पा कर दिए हैं और कॉलोनी के पार्क में धरने पर बैठ गए हैं। सीओ ब्रह्मपुरी सौम्या अस्थाना सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन निवासी वीर की तत्काल रिहाई की मांग पर अड़े हुए हैं।

राजस्थान: जोधपुर में महिला-पुरुष पर आवारा कुत्तों का जानलेवा हमला, इलाके में दहशत

राजस्थान के जोधपुर में आवारा कुत्तों का आतंक चरम पर है। प्रताप नगर शॉपिंग सेंटर इलाके में (बुधवार) पैदल जा रहे एक महिला और पुरुष पर कुत्तों के झुंड ने अचानक हमला कर उन्हें बुरी तरह नोचने की कोशिश की। इस खौफनाक घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें पीड़ित बड़ी मुश्किल से जान बचाकर भागते नजर आ रहे हैं। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि नगर निगम की लापरवाही के कारण शहर के भीतरी इलाकों और पर्यटन स्थलों पर कुत्तों के हमले लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे विदेशी सैलानी भी असुरक्षित हैं। प्रशासन द्वारा कुत्तों की नसबंदी और धरपकड़ का दावा सिर्फ कागजों तक सीमित है। जिससे जनता में प्रशासन के प्रति भारी आक्रोश है।

UP: शराब पार्टी में हुए विवाद पर जीशान-राजा-अल्ताफ ने की महेंद्र जाटव की बेरहमी से हत्या; दो गिरफ्तार, 1 फरार

उत्तर प्रदेश के जालौन में 17 दिसंबर को एक शराब पार्टी के दौरान महेंद्र जाटव की बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोप है कि विवाद होने पर जीशान, राजा और अल्ताफ ने महेंद्र पर ईंटों से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीसरा फिलहाल फरार है। पुलिस ने घटनास्थल से हत्या में इस्तेमाल की गई ईंटें साक्ष्य के रूप में बरामद कर ली हैं। प्रशासन ने इलाके में तनाव को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है और फरार आरोपी की तलाश में पुलिस की टीमें छापेमारी कर रही हैं।

भारत के बाद अब तालिबान भी रोकेगा पाकिस्तान का पानी, कुनार नदी पर बांध बनाने की तैयारी

पहलगाम हमले के बाद भारत द्वारा सिंधु जल संधि निलंबित करने के बाद अब तालिबान ने भी पाकिस्तान की घेराबंदी शुरू कर दी है। अफगानिस्तान की सत्ता पर काबिज तालिबान सरकार ने कुनार नदी के जल को नंगरहार क्षेत्र की ओर मोड़ने के लिए एक बड़े डैम के निर्माण की योजना बना रही है। इस परियोजना से पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में पानी का प्रवाह काफी कम हो जाएगा, जिससे वहां सिंचाई और बिजली उत्पादन पर गंभीर संकट मंडराने लगा है। अफगानिस्तानी मीडिया के अनुसार, बांध निर्माण का कार्य के लिए आर्थिक आयोग से मंजूरी मिलना बाकी है।

बिहार: हिंदू लड़कियों को सोशल मीडिया पर फंसाकर नेपाल भेजने वाला मोहम्मद नौशाद मियां गिरफ्तार; मानव तस्करी गिरोह का खुलासा

बिहार के पश्चिम चंपारण जिले में पुलिस ने फेसबुक के जरिए हिंदू लड़कियों को जाल में फंसाने और उनकी तस्करी करने के आरोप में मोहम्मद नौशाद मियां को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी सोशल मीडिया पर लड़कियों से दोस्ती कर उनका विश्वास जीतता था और फिर उन्हें नेपाल ले जाकर मानव तस्करी गिरोह के हवाले कर देता था, जहां उनका शोषण किया जाता था। पीड़ित परिवारों की शिकायत और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने यह कार्रवाई की है। फिलहाल, पुलिस इस तस्करी रैकेट से जुड़े अन्य सदस्यों की पहचान करने और अन्य संभावित पीड़ितों का पता लगाने के लिए गहन जांच कर रही है।

छत्तीसगढ़ के नारायणपुर में ₹37 लाख के इनामी 11 नक्सलियों ने किया सरेंडर, 5 महिलाएं भी शामिल

छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में 11 सक्रिय नक्सलियों (5 महिला और 6 पुरुष) ने पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। इन सभी पर कुल ₹37 लाख का इनाम घोषित था। सरेंडर करने वालों में 8-8 लाख रुपये के इनामी मिलिट्री कंपनी सदस्य बोडा वड्डे, नमेष मण्डावी और सोमारी मण्डावी मुख्य हैं। इइनके साथ ही 5 लाख रुपये के इनामी एरिया कमेटी सदस्य सियाराम सलाम और 1-2 लाख रुपये के इनामी अन्य सदस्यों ने भी हिंसा का रास्ता छोड़ मुख्यधारा में शामिल हुए। बस्तर आईजी सुंदरराज पी. और एसपी रॉबिंसन गुड़िया की मौजूदगी में सभी को ₹50-50 हजार की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई। अधिकारियों के अनुसार, यह राज्य सरकार की प्रभावी पुनर्वास नीति और सुरक्षा बलों के बढ़ते दबाव का परिणाम है।

Related News